बीते साल लिवर कैंसर को मात दे चुकीं एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ के पेट में हाल ही में 13एमएम का एक सिस्ट डिटेक्ट हुआ था, जिसके बाद 24 फरवरी को उनका लेजर प्रोसीजर किया गया. उनके पति और एक्टर शोएब इब्राहिम ने सोशल मीडिया और व्लॉग के जरिए फैंस को बताया कि प्रोसीजर सफल रहा है और अब दीपिका की हालत ठीक है.
अचानक उठा था पेट में दर्द
कुछ दिन पहले शोएब और दीपिका ने अपने यूट्यूब व्लॉग में बताया था कि 20 फरवरी को दीपिका को अचानक पेट में तेज दर्द हुआ. अगले दिन दर्द और बढ़ गया, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया. सीटी स्कैन में सामने आया कि उनके पेट में 13 एमएम का सिस्ट है.
दीपिका पहले ही लिवर कैंसर का सामना कर चुकी हैं, इसलिए यह खबर उनके लिए बेहद डराने वाली थी. पेट और कंधे में दर्द वही लक्षण थे, जो पिछले साल कैंसर डायग्नोसिस के समय सामने आए थे.
24 फरवरी को हुआ लेजर प्रोसीजर
डॉक्टर्स की सलाह पर 24 फरवरी को सिस्ट हटाने के लिए लेजर प्रोसीजर किया गया. प्रोसीजर के बाद शोएब ने इंस्टाग्राम पर लिखा, 'अल्लाह के करम से और आप सभी की दुआओं से डिप्पी का प्रोसीजर पूरा हो गया है. सब कुछ अच्छी तरह से हुआ. वह ठीक है, बस थोड़ा दर्द में है. चिंता की कोई बात नहीं है.'
व्लॉग में दीपिका को अस्पताल के बेड पर मुस्कुराते हुए देखा गया. उनका परिवार और बेटा रूहान भी उनसे मिलने पहुंचे. शोएब उन्हें जूस पिलाते और चलने-उठने में मदद करते नजर आए. दीपिका ने कहा कि एनेस्थीसिया का असर खत्म होने के बाद काफी दर्द हुआ, लेकिन परिवार को देखकर वह दर्द भूल गईं.
बीते साल हुआ था 14 घंटे का बड़ा ऑपरेशन
2025 में दीपिका को स्टेज-2 लिवर कैंसर डायग्नोज हुआ था. उस समय उनके लिवर में टेनिस बॉल जितना बड़ा ट्यूमर पाया गया था. जून 2025 में उनका 14 घंटे लंबा ऑपरेशन हुआ, जिसमें लिवर और गॉलब्लैडर का करीब 22 प्रतिशत हिस्सा हटाना पड़ा. लंबे इलाज और सर्जरी के बाद वह कैंसर-फ्री हुई थीं.
लाइफस्टाइल बदलने की सलाह
व्लॉग में शोएब ने मजाकिया अंदाज में कहा कि फैंस रोज की चाय कम करने की सलाह दे रहे हैं. इस पर दीपिका ने हंसते हुए जवाब दिया, 'कर दूंगी भाई.' डॉक्टरों ने भी उन्हें पोस्ट-ऑपरेशन रिकवरी के दौरान खास सावधानी बरतने और लाइफस्टाइल में बदलाव की सलाह दी है.
फैंस का मिल रहा पूरा सपोर्ट
दीपिका और शोएब लगातार यूट्यूब व्लॉग्स के जरिए फैंस से जुड़े रहते हैं. दोनों ने 2018 में शादी की थी और जून 2023 में बेटे रूहान के माता-पिता बने. अस्पताल में भर्ती होने से ठीक पहले 22 फरवरी को उन्होंने अपनी 8वीं वेडिंग एनिवर्सरी भी मनाई थी.