Happy Birthday Aditya Srivastava: CID के इंस्पेक्टर अभिजीत का आज बर्थडे, इंजीनियरिंग छोड़ कैसे बने टीवी के सबसे लोकप्रिय पुलिस अफसर

साल 1999 में जब उन्हें CID में इंस्पेक्टर अभिजीत का रोल ऑफर हुआ, तो उन्होंने शुरुआत में इसे ठुकरा दिया था. उस समय वे थिएटर और फिल्मों पर ज्यादा ध्यान देना चाहते थे और लंबे टीवी कॉन्ट्रैक्ट में बंधना नहीं चाहते थे.

Happy Birthday Aditya Srivastava
gnttv.com
  • नई दिल्ली ,
  • 21 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 11:13 AM IST

'कुछ तो गड़बड़ है दया...' और 'दया, दरवाजा तोड़ दो!' ये दो डायलॉग सुनते ही आज भी लोगों के जेहन में टीवी शो CID की तस्वीर ताजा हो जाती है. इस शो में सीनियर इंस्पेक्टर अभिजीत का किरदार निभाने वाले अभिनेता आदित्य श्रीवास्तव ने अपनी दमदार एक्टिंग से करोड़ों दर्शकों का दिल जीता. लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि वह इस शो में कुछ ही एपिसोड के लिए आए थे.

थिएटर से शुरू हुआ अभिनय का सफर
21 जुलाई को प्रयागराज में जन्मे आदित्य श्रीवास्तव का झुकाव बचपन से ही एक्टिंग की ओर था. उन्होंने दिल्ली के श्रीराम सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स से थिएटर किया. परिवार चाहता था कि वे पढ़ाई और करियर पर ध्यान दें, उन्होंने इंजीनियरिंग में एडमिशन भी लिया जब मन नहीं लगा तो उन्होंने एक्टिंग को ही अपना सपना बनाया और मुंबई का रुख किया.

मुंबई में खूब किया संघर्ष
मुंबई पहुंचने के बाद आदित्य को लंबे समय तक छोटे-छोटे रोल और रिजेक्शन का सामना करना पड़ा. फिल्मों में आने से पहले उन्होंने दिल्ली की एक विज्ञापन एजेंसी में काम किया और कई विज्ञापनों के लिए वॉइस ओवर भी किए. धीरे-धीरे उन्हें फिल्मों में मौके मिलने लगे. राम गोपाल वर्मा की 'सत्या' में खांडिलकर और अनुराग कश्यप की 'ब्लैक फ्राइडे' में बादशाह खान के किरदार ने उन्हें बेहतरीन अभिनेता के रूप में पहचान दिलाई. इसके अलावा वे लक्ष्य, गुलाल और सुपर 30 जैसी फिल्मों में भी नजर आए.

सिर्फ 26 एपिसोड के लिए मिला था CID का ऑफर
साल 1999 में जब उन्हें CID में इंस्पेक्टर अभिजीत का रोल ऑफर हुआ, तो उन्होंने शुरुआत में इसे ठुकरा दिया था. उस समय वे थिएटर और फिल्मों पर ज्यादा ध्यान देना चाहते थे और लंबे टीवी कॉन्ट्रैक्ट में बंधना नहीं चाहते थे.

इसके बाद मेकर्स ने उनसे खास समझौता किया. तय हुआ कि वे सिर्फ 26 एपिसोड करेंगे और उसके बाद उनका किरदार खत्म कर दिया जाएगा. लेकिन जैसे ही एपिसोड प्रसारित हुए, दर्शकों ने अभिजीत के किरदार को इतना पसंद किया कि मेकर्स को फैसला बदलना पड़ा.

CID में पहले निभाया था अपराधी का रोल
बहुत कम लोग जानते हैं कि इंस्पेक्टर अभिजीत बनने से पहले आदित्य श्रीवास्तव CID के एक शुरुआती एपिसोड में आरोपी के किरदार में नजर आए थे. उनकी एक्टिंग से प्रभावित होकर मेकर्स ने बाद में उन्हें इंस्पेक्टर अभिजीत का रोल ऑफर किया.

दया ने बताया पहली मुलाकात का किस्सा
शो में इंस्पेक्टर दया का किरदार निभाने वाले दयानंद शेट्टी ने  एक इंटरव्यू में बताया था कि जब उन्हें पता चला कि आदित्य श्रीवास्तव शो से जुड़ने वाले हैं, तो पूरी टीम उत्साहित थी. आदित्य पहले से फिल्मों और थिएटर में पहचान बना चुके थे, इसलिए सभी उनसे मिलने को लेकर थोड़ा संकोच भी महसूस कर रहे थे. लेकिन सेट पर आते ही उन्होंने सभी के साथ दोस्ताना रिश्ता बना लिया और बाद में दया-अभिजीत की जोड़ी टीवी की सबसे लोकप्रिय जोड़ियों में शामिल हो गई.

निजी जिंदगी को रखते हैं लाइमलाइट से दूर
आदित्य श्रीवास्तव अपनी निजी जिंदगी को हमेशा कैमरों से दूर रखते हैं. उन्होंने साल 2003 में मानसी श्रीवास्तव से शादी की. दोनों की दो बेटियां हैं-आरुषि और अद्विका. टीवी पर इतनी बड़ी लोकप्रियता मिलने के बावजूद उन्होंने हमेशा फिल्मों और अलग-अलग तरह के किरदारों को भी महत्व दिया, ताकि उनकी पहचान सिर्फ एक पुलिस अफसर तक सीमित न रह जाए.

फिल्मों से लेकर टीवी तक बनाई अलग पहचान
आदित्य श्रीवास्तव उन चुनिंदा कलाकारों में शामिल हैं जिन्होंने टीवी और फिल्मों दोनों में अपनी मजबूत पहचान बनाई. उनकी सादगी, दमदार अभिनय और अभिजीत का यादगार किरदार आज भी दर्शकों के दिलों में जिंदा है. यही वजह है कि आज भी CID का नाम आते ही सबसे पहले एसीपी प्रद्युमन, दया और अभिजीत की तिकड़ी याद आती है.

 

Read more!

RECOMMENDED