कॉमेडियन और यूट्यूबर समय रैना के चर्चित शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' का दूसरा सीजन जल्द दर्शकों के बीच आने वाला है. शो का प्रोमो रिलीज कर दिया गया है, जिसे देखकर फैंस काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं. खास बात यह है कि इस बार शो केवल यूट्यूब ही नहीं बल्कि नेटफ्लिक्स पर भी एक साथ स्ट्रीम किया जाएगा. समय रैना ने खुद इस बात की पुष्टि की है.
नेटफ्लिक्स द्वारा जारी प्रोमो वीडियो में 'द हैबिटैट' के मालिक बलराज घई और शो के बाउंसर अमीन खान भी दिखाई देते हैं. वीडियो में बलराज घई मजाकिया अंदाज में समय रैना से पूछते हैं कि क्या उनका शो अब नेटफ्लिक्स पर आने वाला है. इसके बाद दोनों के बीच यूट्यूब और नेटफ्लिक्स को लेकर हल्की-फुल्की नोकझोंक देखने को मिलती है.
नेटफ्लिक्स और यूट्यूब पर एक साथ आएगा शो
प्रोमो में समय रैना साफ करते हैं कि 'इंडियाज गॉट लेटेंट सीजन 2' नेटफ्लिक्स और यूट्यूब दोनों प्लेटफॉर्म पर एक ही दिन, एक ही समय और समान अवधि के साथ रिलीज होगा. जब उनसे पूछा जाता है कि फिर दर्शक नेटफ्लिक्स पर शो क्यों देखें, तो समय इसका मजेदार जवाब देते हुए कहते हैं कि नेटफ्लिक्स पर विज्ञापन नहीं आते. इसी दौरान नेटफ्लिक्स की ओर से मौजूद एक व्यक्ति कहता है कि वहां कमेंट सेक्शन भी नहीं है, इसलिए लोगों की गालियां नहीं सुननी पड़ेंगी. इस पर समय रैना हंसते हुए जवाब देते हैं कि गालियां तो मिलेंगी, लेकिन उनके शो में कोई फिल्टर नहीं होता.
प्रोमो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने अपनी राय देनी शुरू कर दी है. कुछ यूजर्स ने शो की वापसी का स्वागत किया, जबकि कई लोगों ने इसकी कंटेंट को लेकर आलोचना की. कुछ लोगों ने इसे 'वल्गर कॉमेडी' बताया तो कुछ ने नेटफ्लिक्स के इस फैसले पर सवाल उठाए. एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि नेटफ्लिक्स की लीगल टीम अभी से अगले विवाद का बजट तैयार कर रही होगी. वहीं कुछ लोगों ने कहा कि यह भारत में नेटफ्लिक्स के लिए जोखिम भरा कदम साबित हो सकता है.
पहले भी विवादों में रह चुका है शो
बता दें कि 'इंडियाज गॉट लेटेंट' पहले भी विवादों में रह चुका है. खासकर रणवीर अल्लाहबादिया से जुड़े एक विवादित कमेंट के बाद शो काफी चर्चा में आया था. अब करीब एक साल बाद समय रैना शो के दूसरे सीजन के साथ वापसी कर रहे हैं. समय ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए बताया है कि उनका नया शो शनिवार शाम 7 बजे दर्शकों के लिए रिलीज किया जाएगा.
ये भी पढ़ें: