बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत इन दिनों एक वायरल वीडियो की वजह से चर्चा में हैं. सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में कंगना ऐसे अंदाज में नजर आईं कि लोगों के बीच उनकी शादी को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं. वीडियो में कंगना को मंगलसूत्र और हरी चूड़ियां पहने देखा गया, जिसके बाद फैंस तरह-तरह के कयास लगाने लगे. हालांकि, अभी तक कंगना की शादी या किसी रिलेशनशिप को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
वायरल वीडियो में क्या दिखा?
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में कंगना एक अपार्टमेंट से बाहर निकलती नजर आ रही हैं. इसी दौरान पैपराजी के कैमरों ने उन्हें कैद कर लिया. कंगना के गले में मंगलसूत्र और हाथों में हरी चूड़ियां दिखीं, जिसने लोगों का ध्यान सबसे ज्यादा खींचा.
वीडियो सामने आते ही इंटरनेट पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया. कुछ लोग पूछने लगे कि क्या कंगना ने गुपचुप शादी कर ली है, तो कुछ यूजर्स मजाकिया अंदाज में कमेंट करते नजर आए. वहीं कई फैंस उन्हें इस लुक में देखकर हैरान भी रह गए.
कंगना का लुक बना चर्चा का विषय
इस दौरान कंगना ऑफव्हाइट रंग के आउटफिट में दिखाई दीं. उन्होंने बालों को बांध रखा था और आंखों पर गॉगल्स लगाए हुए थे. हाथ में फोन लिए उनका सिंपल लेकिन अलग अंदाज लोगों का ध्यान खींच रहा था.
हालांकि, सबसे ज्यादा चर्चा उनके मंगलसूत्र और हरी चूड़ियों की हो रही है. क्योंकि कंगना फिलहाल सिंगल मानी जाती हैं, ऐसे में लोग यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर यह लुक किसी खास वजह से था या किसी शूटिंग का हिस्सा.
फिल्म की शूटिंग से जुड़ा हो सकता है मामला
कुछ लोगों का मानना है कि कंगना का यह अंदाज किसी फिल्म की शूटिंग का हिस्सा हो सकता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसे उनकी फिल्म 'क्वीन 2' की शूटिंग से जोड़कर भी देखा जा रहा है, जिसकी शूटिंग मुंबई में चलने की चर्चा है. साल 2014 में रिलीज हुई 'क्वीन' ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता हासिल की थी और इसी फिल्म के लिए कंगना को दूसरा नेशनल अवॉर्ड भी मिला था.
फिल्मों में फिर एक्टिव हुईं कंगना
पिछले कुछ समय से राजनीति में सक्रिय रहने वाली कंगना अब फिर से फिल्मों में वापसी कर रही हैं. अभिनेत्री अपनी नई फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' की शूटिंग भी शुरू कर चुकी हैं. हाल ही में उन्होंने सेट से एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह निर्देशक मनोज तापड़िया के साथ बातचीत करती नजर आईं.
वीडियो शेयर करते हुए कंगना ने लिखा कि लंबे समय बाद फिल्म के सेट पर लौटकर उन्हें अच्छा महसूस हो रहा है. ऐसे में माना जा रहा है कि उनका वायरल लुक भी किसी प्रोजेक्ट का हिस्सा हो सकता है, हालांकि इस पर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
ये भी पढ़ें