Madhuri Dixit Birthday: एक्ट्रेस नहीं पैथोलॉजिस्ट बनना चाहती थीं माधुरी दीक्षित, पहली फिल्म हुई थी फ्लॉप, जानें फिर कैसे बनीं बॉलीवुड की धक-धक गर्ल

Happy Birthday Madhuri Dixit: 15 मई को माधुरी दीक्षित अपना 59वां जन्मदिन मना रही हैं. माधुरी दीक्षित एक्ट्रेस नहीं बनना चाहती थीं लेकिन शायद उनकी किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. माधुरी की पहली फिल्म अबोध फ्लॉप हो गई थी. आइए जानते हैं फिर कैसे माधुरी दीक्षित बॉलीवुड की धक-धक गर्ल बनीं. माधुरी की किस्मत फिल्म तेजाब ने बदल दी और वह रातों रात स्टार बन गईं.

Happy Birthday Madhuri Dixit
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 15 मई 2026,
  • अपडेटेड 8:52 AM IST

खूबसूरत और बेहतरीन एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित आज 15 मई को अपना 59वां जन्मदिन मना रही हैं. आज भी बहुत से लोग माधुरी की एक्टिंग, अदा और डांस के दीवाने हैं. माधुरी दीक्षित एक्ट्रेस नहीं बनना चाहती थीं. वह पढ़-लिखकर पैथोलॉजिस्ट बनना चाहती थीं लेकिन शायद उनकी किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. माधुरी की पहली फिल्म अबोध फ्लॉप हो गई थी. आइए जानते हैं फिर कैसे माधुरी दीक्षित बॉलीवुड की धक-धक गर्ल बनीं. माधुरी दीक्षित का जन्म 15 मई 1967 को शंकर और स्नेहलता दीक्षित के घर हुआ था. मराठी ब्राह्मण परिवार से ताल्लुक रखने वालीं माधुरी की दो बड़ी बहनें हैं और एक बड़ा भाई है. माधुरी दीक्षित ने 17 अक्टूबर 1999 को अमेरिका के रहने वाले सर्जन श्रीराम माधव नेने से शादी कर ली थी.

डांस में बचपन से थी रुचि 
माधुरी दीक्षित को बचपन से डांस में रुचि थी. उन्होंने सिर्फ 3 साल की उम्र से डांस सीखना शुरू कर दिया था. उन्होंने करीब 8 सालों तक कथक की ट्रेनिंग ली. माधुरी को 9 साल की उम्र में कथक डांसर के तौर पर स्कॉलरशिप भी मिली थी. उसी समय एक परफॉर्मेंस के बाद पहली बार उनका नाम अखबार में छपा था.

पढ़ाई में थीं काफी अच्छी 
माधुरी दीक्षित पढ़ाई में काफी अच्छी थीं. उन्होंने साइंस में ग्रेजुएशन पूरा किया है. माधुरी शुरू से अभिनेत्री नहीं बनना चाहती थीं. वह पढ़-लिखकर पैथोलॉजिस्ट बनना चाहती थीं. कुछ ऐसी स्थितियां आईं कि माधुरी फिल्मी दुनिया की तरफ चली गईं. माधुरी दीक्षित ने साल 1984 में फिल्म अबोध से बॉलीवुड में डेब्यू किया था लेकिन यह फिल्म फ्लॉप हो गई थी. हालांकि इस फिल्म में माधुरी के अभिनय की तारीफ हुई थी. इसके बाद माधुरी दीक्षित ने आवारा बाप, स्वाति, मानव हत्या और उत्तर दक्षिण सहित कई फिल्में कीं लेकिन सभी बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रहीं.

तेजाब फिल्म से खुली माधुरी दीक्षित की किस्मत 
माधुरी दीक्षित की किस्मत साल 1988 में आई फिल्म तेजाब से खुली थी. इस फिल्म में माधुरी ने मोहिनी का रोल किया था. इस फिल्म से वह रातों-रात स्टार बन गईं. तेजाब फिल्म उस साल की सबसे बड़ी हिट थी. तेजाब फिल्म का गाना एक दो तीन... को लोगों ने काफी पसंद किया. इसके बाद राम लखन, प्रेम प्रतिज्ञा और त्रिदेव फिल्म ने माधुरी दीक्षित को बॉलीवुड का दिग्गज कलाकार बना दिया.

...और बन गईं धक-धक गर्ल
माधुरी दीक्षित और अनिल कपूर की फिल्म बेटा 1992 में आई थी. यह फिल्म ब्लॉकबस्टर थी. बेटा फिल्म के मशहूर गाने धक धक करने लगा... से माधुरी दीक्षित को धक धक गर्ल का टैग मिला. इस गाने में उनके शानदार डांस और दिलकश अदाओं ने लाखों लोगों को उनका दीवाना बना दिया. धक धक करने लगा गाना ने माधुरी दीक्षित को डांसिंग क्वीन बना दिया. माधुरी दीक्षित 90 के दशक की सबसे सफल अभिनेत्री थी. माधुरी ने कई बेहतरीन फिल्मों में काम किया है. माधुरी ने परिंदा, पुकार, लज्जा, राम लखन, तेजाब, दिल, खलनायक, हम आपके हैं कौन, दिल तो पागल है, थानेदार, साहिबान, देवदास, खतरों के खिलाड़ी, इलाका, कानून अपना अपना जैसी फिल्मों में बेहतरीन अभिनय किया है. 

 

Read more!

RECOMMENDED