Advertisement

रामानंद सागर के श्री कृष्णा में सुदामा का किरदार निभाने वाला एक्टर आज कहां है?

मुकुल नाग को जब रामानंद सागर के सीरियल में सुदामा का किरदार ऑफर हुआ, तो वह खुद असमंजस में थे. उन्हें लगता था कि वह इस किरदार के लिए शायद सही नहीं हैं.

Krishna serial
gnttv.com
  • नई दिल्ली ,
  • 04 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 1:21 PM IST

आज जन्माष्टमी है. देशभर में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का जश्न मनाया जा रहा है. इसी मौके पर टीवी के उस दौर को याद करना भी जरूरी है, जब रामानंद सागर के सीरियल ‘कृष्णा’ ने घर-घर में भगवान कृष्ण की कहानी पहुंचाई थी. शो के कलाकारों को लोग उनके असली नाम से ज्यादा उनके किरदार के नाम से पहचानने लगे थे. इनमें एक नाम मुकुल नाग का भी था, जिन्होंने सुदामा का किरदार निभाकर ऐसी छाप छोड़ी कि आज भी उन्हें सुदामा के नाम से याद किया जाता है.

सुदामा का रोल मिला तो खुद को नहीं माना इसके लायक
मुकुल नाग को जब रामानंद सागर के सीरियल में सुदामा का किरदार ऑफर हुआ, तो वह खुद असमंजस में थे. उन्हें लगता था कि वह इस किरदार के लिए शायद सही नहीं हैं. सुदामा को गरीब और बेहद दुबले-पतले ब्राह्मण के रूप में दिखाया गया था. हालांकि रामानंद सागर ने उन्हें समझाया और आखिरकार मुकुल नाग ने यह भूमिका स्वीकार कर ली.

सुदामा बनने के लिए खुद मुंडवा लिया सिर
मुकुल नाग ने सुदामा के किरदार को सिर्फ एक्टिंग तक सीमित नहीं रखा, बल्कि अपने लुक पर भी काफी मेहनत की. सुदामा को गंजे रूप में दिखाया जाना था. मेकअप के जरिए यह लुक तैयार किया जा सकता था, लेकिन बताया जाता है कि मुकुल नाग ने बिना किसी को बताए अपना सिर मुंडवा लिया. जब वह सेट पर पहुंचे तो उन्हें देखकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए. उनका पूरा लुक सुदामा जैसा नजर आ रहा था.

साफ धोती पसंद नहीं आई तो मिट्टी में रगड़ दी
किरदार को असली दिखाने के लिए मुकुल नाग ने एक और काम किया. उन्हें सेट पर जो धोती पहनने के लिए दी गई थी, वह बिल्कुल साफ थी. मुकुल नाग को लगा कि गरीब सुदामा के किरदार पर इतनी साफ धोती ठीक नहीं लगेगी. बताया जाता है कि उन्होंने उस धोती को जमीन पर मिट्टी में रगड़ दिया. उसे मैला और पुराना बना दिया, ताकि सुदामा का किरदार पर्दे पर ज्यादा वास्तविक लगे.

मोती सागर ने भिखारी समझकर बाहर निकालने को कहा
मुकुल नाग जब सुदामा के रूप में सेट पर पहुंचे तो रामानंद सागर के बेटे मोती सागर भी उन्हें पहचान नहीं पाए. बताया जाता है कि उन्होंने मुकुल नाग को भिखारी समझ लिया और उन्हें सेट से बाहर निकालने के लिए कह दिया. जब पता चला कि सामने खड़े शख्स कोई भिखारी नहीं, बल्कि मुकुल नाग हैं और यही सुदामा का किरदार निभाने वाले हैं, तो सभी हैरान रह गए.

 

कृष्णा के बाद साईं बाबा बनकर भी छाए
कृष्णा में सुदामा का किरदार मुकुल नाग के करियर की बड़ी पहचान बना. इसके बाद उन्होंने रामानंद सागर के सीरियल साईं बाबा में मुख्य भूमिका निभाई. इस किरदार में भी उन्हें खूब पसंद किया गया. यानी एक तरफ वह कृष्ण के दोस्त सुदामा बने तो दूसरी तरफ साईं बाबा के रूप में दर्शकों के सामने आए. मुकुल नाग ने समय के साथ टीवी और फिल्मों में काम जारी रखा. साल 2017 में वह टीवी शो 'काल भैरव रहस्य' में शंभु बाबा के किरदार में नजर आए थे. इसके अलावा वह अक्षय कुमार की फिल्म 'सम्राट पृथ्वीराज' में भी दिखाई दिए. अभी भी वो फिल्मों में एक्टिव हैं.


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement