बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह इन दिनों एक बड़े विवाद को लेकर चर्चा में हैं. खबरों के मुताबिक, डॉन 3 से अचानक अलग होने का उनका ये फैसला अब उनके लिए भारी पड़ता नजर आ रहा है. बताया जा रहा है कि इस फैसले के बाद निर्माता-निर्देशक फरहान अख्तर की कंपनी को बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा, जिसके चलते मामला अब फिल्म इंडस्ट्री की संस्था तक पहुंच गया है. चर्चा है कि इस विवाद में रणवीर सिंह को करीब 45 करोड़ रुपए के नुकसान का सामना करना पड़ सकता है.
शूटिंग शुरू होने से पहले छोड़ी फिल्म
जानकारी के अनुसार, यह फिल्म अप्रैल-मई 2025 में फ्लोर पर जाने वाली थी. फिल्म की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थीं और प्री-प्रोडक्शन पर काफी खर्च भी किया जा चुका था. लेकिन शूटिंग शुरू होने से करीब 15 दिन पहले रणवीर सिंह ने फिल्म से बाहर होने का फैसला कर लिया. शुरुआत में ऐसी खबरें सामने आईं कि अभिनेता फिल्म की स्क्रिप्ट से संतुष्ट नहीं थे और उन्होंने उसमें बदलाव की मांग की थी. बताया जाता है कि मेकर्स ने स्क्रिप्ट में बदलाव भी किए, लेकिन इसके बावजूद रणवीर ने फिल्म का हिस्सा बनने से इनकार कर दिया.
'धुरंधर' की सफलता के बाद बदल गए प्लान?
फिल्मी गलियारों में यह भी चर्चा है कि 'धुरंधर' की सफलता के बाद रणवीर अपने अगले प्रोजेक्ट्स को लेकर ज्यादा सोच-समझकर फैसला लेना चाहते हैं. कहा जा रहा है कि वह कुछ अलग और हटकर करने के मूड में हैं, इसलिए उन्होंने इस फिल्म से दूरी बनाई. हालांकि, इस फैसले का असर सीधे तौर पर फरहान अख्तर और उनकी प्रोडक्शन कंपनी Excel Entertainment पर पड़ा. फिल्म की तैयारी में पहले ही काफी पैसा खर्च हो चुका था.
कई बैठकों के बाद भी नहीं निकला हल
रिपोर्ट्स के मुताबिक, विवाद सुलझाने के लिए रणवीर सिंह और प्रोडक्शन हाउस के बीच कई बैठकें हुईं. मेकर्स ने कोशिश की कि अभिनेता फिल्म में वापसी कर लें, लेकिन जब मामला सुलझता नहीं दिखा, तो कंपनी ने प्री-प्रोडक्शन में हुए खर्च की भरपाई की मांग की. बताया जा रहा है कि इसके बाद मामला FWICE (फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज) तक पहुंचा. संस्था ने भी रणवीर सिंह से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि अभिनेता की ओर से भेजे गए नोटिस का जवाब नहीं दिया गया.
FWICE ने जारी किया नॉन-कोऑपरेशन निर्देश
सोमवार को FWICE ने इस मामले में रणवीर सिंह के खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव जारी करने की घोषणा की. इसका मतलब यह है कि जब तक मामला सुलझ नहीं जाता, तब तक फिल्म संस्था से जुड़े वर्कर, टेक्नीशियन, निर्माता और निर्देशक रणवीर सिंह के साथ काम नहीं करेंगे. इसका मतलब है कि जब तक कोई हल नहीं निकलता, तब तक वह कोई फिल्ंम साइन नहीं कर पाएंगे और न तो शूटिंग कर सकेंगे. संस्था का कहना है कि रणवीर सिंह को आगे आकर फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी के साथ बैठकर बातचीत करनी चाहिए, ताकि आपसी सहमति से समाधान निकाला जा सके.
45 करोड़ के नुकसान का दावा
बताया जा रहा है कि रणवीर सिंह और Excel Entertainment के बीच तीन फिल्मों का कॉन्ट्रैक्ट था. ऐसे में प्रोड्यूसर्स ने शिकायत करते हुए कहा है कि फिल्म के प्री-प्रोडक्शन और बाकी तैयारियों में हुए नुकसान की भरपाई रणवीर करें, जिसकी रकम करीब 45 करोड़ रुपए बताई जा रही है. FWICE ने भी साफ कहा है कि शूटिंग शुरू होने से ठीक 15 दिन पहले सुपरस्टार्स द्वारा फिल्म छोड़ने का ट्रेंड इंडस्ट्री के लिए सही नहीं माना जा सकता.
रणवीर सिंह की टीम ने क्या कहा?
विवाद बढ़ने के बीच रणवीर सिंह की ओर से आधिकारिक बयान भी सामने आया है. अभिनेता के प्रवक्ता ने कहा कि रणवीर फिल्म इंडस्ट्री और 'Don' फ्रेंचाइजी से जुड़े सभी लोगों का सम्मान करते हैं. उन्होंने पूरे मामले पर सार्वजनिक रूप से चुप्पी बनाए रखना बेहतर समझा, क्योंकि उनका मानना है कि पेशेवर मामलों को गरिमा और आपसी सम्मान के साथ संभाला जाना चाहिए. साथ ही, बयान में यह भी कहा गया कि रणवीर अपने काम और आने वाले प्रोजेक्ट्स पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं और सभी के लिए उनके मन में सम्मान बना हुआ है.
ये भी पढ़ें