Advertisement

पॉश पब में परोसा जा रहा था सड़ा चिकन-बीफ, देख अधिकारी भी हैरान... 132 किलो खराब खाना जब्त, जानें पूरी कहानी

बेंगलुरु में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कई होटल, रेस्टोरेंट और खाने की सप्लाई करने वाली जगहों पर छापेमारी की. इस दौरान बड़ी मात्रा में खराब और एक्सपायर हो चुका खाना मिला.

Posh pub in bangalore closed by health dept due to sub standard food
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 10 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 11:37 AM IST

बेंगलुरु में खाने की क्वालिटी को लेकर बड़ी लापरवाही सामने आई है. खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर के कई होटल, रेस्टोरेंट और खाने का सामान रखने वाली जगहों पर छापेमारी की. इस दौरान बड़ी मात्रा में खराब और एक्सपायर हो चुका खाना मिला. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि एक पॉश पब की रसोई में सड़ा हुआ चिकन और बीफ रखा मिला, जिस पर फंगस लगी थी. कार्रवाई के दौरान अलग-अलग जगहों से कुल 132 किलो खाद्य सामान और 15 लीटर इस्तेमाल किया हुआ खाना पकाने का तेल जब्त किया गया.

पॉश पब में सड़ा चिकन और बीफ मिला
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने UB City मॉल स्थित Skyye Lounge की रसोई की जांच की. यहां साफ-सफाई की स्थिति ठीक नहीं थी. रसोई में रखा चिकन और बीफ सड़ चुका था और उस पर फंगस लगी हुई थी. इसके अलावा करीब 10 दिन पहले एक्सपायर हो चुका दूध और दही भी मिला.

जांच में पब से कुल 51 किलो ऐसा खाना मिला, जो खाने लायक नहीं था. इसमें 45 किलो सड़ा हुआ चिकन और बीफ और 6 किलो वेजिटेबल कटलेट शामिल थे. अधिकारियों ने इन सभी चीजों को नियम के अनुसार नष्ट कर दिया. साथ ही 15 लीटर इस्तेमाल किया हुआ कुकिंग ऑयल भी फेंक दिया गया. खाने की खराब स्थिति और किचन में गंदगी को देखते हुए अधिकारियों ने पब को बंद करने का आदेश दिया.

दूसरे होटल और रेस्टोरेंट में भी मिली खराब चीजें
Skyye Lounge के बाद टीम ने शहर के कई दूसरे होटल और रेस्टोरेंट की भी जांच की. Royal Chain Hotel से 50 किलो बत्तख का मांस और 5 किलो मछली जब्त की गई. वहीं Madras Kitchen से 5 किलो हरी मटर और Tescon Hotel से 5 किलो मशरूम बरामद हुआ.

Senchez Hotel में भी जांच के दौरान 3 किलो मछली मिली. इसके अलावा केक, आलू और टैको समेत 7 किलो खाद्य सामान ऐसा मिला, जिसे खाने के लायक नहीं माना गया. इसे भी मौके पर नष्ट कर दिया गया.

बड़े स्टोरेज सेंटरों में भी मिली गड़बड़ी
खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई सिर्फ होटल और रेस्टोरेंट तक सीमित नहीं रही. टीम ने Coldman Logistics और Radhakrishna Foodland के स्टोरेज सेंटरों की भी जांच की. ये सेंटर बेंगलुरु के कई बड़े होटल और कैटरिंग कारोबारियों को खाद्य सामान सप्लाई करते हैं.

जांच के दौरान यहां करीब 70 किलो सोया सॉस मिला. इसके अलावा कई दूसरे सॉस भी मिले, जिनकी एक्सपायरी करीब थी. अधिकारियों ने इन्हें जब्त कर लिया. टीम ने जांच के लिए 5 मीट सैंपल और 13 दूसरे खाद्य पदार्थों के सैंपल भी लिए. वहीं, करीब 10 लीटर ऐसे ड्रिंक्स भी जब्त किए गए, जिनकी एक्सपायरी नजदीक थी.

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement