शरीर को स्वस्थ और मजबूत रखने के लिए प्रोटीन बेहद जरूरी पोषक तत्व माना जाता है. अक्सर लोग मानते हैं कि मांस और मछली प्रोटीन के सबसे अच्छे स्रोत होते हैं, लेकिन पोषण विशेषज्ञों का कहना है कि कई शाकाहारी खाद्य पदार्थ भी ऐसे हैं जिनमें प्रोटीन की मात्रा मछली के बराबर या उससे भी ज्यादा हो सकती है. इतना ही नहीं, इन फूड्स में फाइबर, प्रोबायोटिक्स और कई जरूरी मिनरल्स भी पाए जाते हैं, जो शरीर के लिए अतिरिक्त फायदे देते हैं. तो चलिए आपको बताते हैं किन शाकाहारी चीजों में सबसे ज्यादा प्रोटीन होता है.
चना छोले
सूखे चने में लगभग 100 ग्राम में करीब 19 ग्राम प्रोटीन पाया जाता है. पकने के बाद पानी की मात्रा बढ़ने से प्रोटीन थोड़ा कम हो जाता है, लेकिन फिर भी यह प्रोटीन का बेहतरीन स्रोत बना रहता है. चना फाइबर और कई पौधों से मिलने वाले कंपाउंड्स से भरपूर होता है, जो दिल की सेहत के लिए फायदेमंद माने जाते हैं. नियमित रूप से चना खाने से दिल से जुड़ी बीमारियों का खतरा कम हो सकता है.
पनीर
पनीर भारतीय खाने का एक खास हिस्सा है और 100 ग्राम पनीर में लगभग 18 ग्राम प्रोटीन पाया जाता है. इसमें केसीन नाम का प्रोटीन होता है, जो धीरे-धीरे पचता है. धीरे पचने की वजह से यह लंबे समय तक शरीर को ऊर्जा देता है और पेट को भरा हुआ महसूस करता है. यही कारण है कि जिम या एक्सरसाइज करने वाले लोगों के लिए पनीर काफी फायदेमंद माना जाता है. इसके अलावा पनीर कैल्शियम का भी अच्छा स्रोत है, जो हड्डियों को मजबूत बनाने में मदद करता है.
ग्रीक योगर्ट
ग्रीक योगर्ट यानी गाढ़ा दही सामान्य दही की तुलना में ज्यादा पौष्टिक माना जाता है. 100 ग्राम ग्रीक योगर्ट में लगभग 10 ग्राम प्रोटीन पाया जाता है, जो सामान्य दही से लगभग दोगुना होता है. इसमें प्रोबायोटिक्स यानी अच्छे बैक्टीरिया होते हैं, जो पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं. विशेषज्ञों के अनुसार स्वस्थ पाचन तंत्र का असर शरीर की इम्युनिटी और मानसिक स्वास्थ्य पर भी पड़ता है.
राजमा
राजमा भारतीय घरों में बेहद लोकप्रिय है और इसमें भी अच्छी मात्रा में प्रोटीन पाया जाता है. पके हुए 100 ग्राम राजमा में लगभग 8 से 9 ग्राम प्रोटीन होता है. राजमा आयरन, पोटेशियम और फाइबर से भरपूर होता है. यह कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करने में मदद करता है और दिल की सेहत के लिए भी अच्छा माना जाता है. इसके अलावा राजमा में मौजूद कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट शरीर को लंबे समय तक ऊर्जा देते हैं.
सोया फूड्स
सोया से बने उत्पाद जैसे टोफू और टेम्पेह प्रोटीन के मामले में मांसाहारी खाद्य पदार्थों को भी टक्कर देते हैं. इन्हें कंप्लीट प्रोटीन माना जाता है क्योंकि इनमें शरीर के लिए जरूरी सभी अमीनो एसिड पाए जाते हैं. सोया में आइसोफ्लेवोंस नाम के पौधों के तत्व भी होते हैं, जिन पर कई रिसर्च हुए हैं. माना जाता है कि ये दिल की सेहत को बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें: