Advertisement

भारत

PHOTOS: दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश से जनजीवन बेहाल, गुरुग्राम में सड़कें बनीं तालाब, दिल्ली में लगा ट्रैफिक जाम

gnttv.com
  • नई दिल्ली ,
  • 06 अगस्त 2026,
  • Updated 11:34 AM IST
1/6

देश के कई हिस्सों में मॉनसून पूरे जोर पर है. दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है. गुरुवार सुबह भी राजधानी में हल्की फुहारों के साथ दिन की शुरुआत हुई, लेकिन ऑफिस आवर्स तक बारिश तेज हो गई. इसका असर सड़कों पर साफ दिखाई दिया. कई प्रमुख मार्गों पर जलभराव हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. रोजाना दफ्तर जाने वाले लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा.

2/6

दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिन जारी रहेगी बारिश
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद और आसपास के इलाकों में अगले दो से तीन दिन तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है. 5 से 8 अगस्त के बीच रुक-रुककर बारिश और आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है. हालांकि, फिलहाल दिल्ली के लिए किसी विशेष मौसम अलर्ट की घोषणा नहीं की गई है.

3/6

गुरुग्राम में सबसे ज्यादा असर, कई सड़कें पानी में डूबीं
लगातार हो रही बारिश का सबसे ज्यादा असर गुरुग्राम में देखने को मिला. शहर के कई निचले इलाकों और प्रमुख सड़कों पर पानी भर गया. शीतला माता मंदिर के सामने से गुजरने वाले मार्ग पर जलभराव के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई. कई जगह ट्रैफिक की रफ्तार पूरी तरह थम गई, जिससे लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी समय लगा.

4/6

सोहना में 110 मिमी बारिश, गुरुग्राम में 97 मिमी
जिला प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में सोहना में सबसे अधिक 110 मिमी बारिश दर्ज की गई. गुरुग्राम तहसील में 97 मिमी बारिश हुई. इसके अलावा हरसरू और कादीपुर में 76-76 मिमी, वजीराबाद में 55 मिमी, मानेसर में 54 मिमी, बादशाहपुर में 13 मिमी, फरुखनगर में 7 मिमी और पटौदी में 6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई.

5/6

प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड पर
भारी बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस को अलर्ट पर रखा गया है. जलभराव वाले इलाकों की लगातार निगरानी की जा रही है और ट्रैफिक को सुचारु बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. लोगों से अपील की गई है कि वे जलभराव वाले रास्तों से बचें और मौसम विभाग की सलाह का पालन करें.

6/6

17 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
इस बीच मौसम विभाग ने देश के 17 राज्यों में अगले कुछ दिनों तक मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. कई राज्यों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है. उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार समेत कई राज्यों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

Advertisement
Advertisement