अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 से ठीक पहले कोलकाता में एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने हजारों बंगालियों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. 20 जून की शाम हुगली नदी के किनारे स्थित प्रिंसेप घाट और मिलेनियम पार्क पर आयोजित मेगा ड्रोन शो इस बार के योग दिवस समारोह से पहले सबसे बड़ा आकर्षण बन गया.
शनिवार शाम जैसे ही अंधेरा हुआ, हुगली नदी के ऊपर करीब 3,000 ड्रोन ने उड़ान भरनी शुरू कर दी. कुछ ही मिनटों में आसमान रंग-बिरंगी रोशनी और अलग-अलग आकृतियों से भर गया. योग, स्वास्थ्य, संस्कृति और राष्ट्रीय एकता से जुड़े संदेशों को ड्रोन के जरिए बेहद आकर्षक तरीके से पेश किया गया.
ड्रोन शो देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग नदी किनारे पहुंचे थे. परिवार, बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी इस आयोजन का हिस्सा बने. जैसे-जैसे आसमान में नई-नई आकृतियां बनती गईं, लोगों का उत्साह भी बढ़ता गया. कई लोगों ने इस यादगार पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया.
इस आयोजन में केवल ड्रोन शो ही आकर्षण का केंद्र नहीं था. कार्यक्रम स्थल पर दिनभर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, कला प्रदर्शनियां और विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं. लोगों के लिए कई तरह के फूड स्टॉल भी लगाए गए थे, जहां स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लेने का मौका मिला.
ड्रोन शो के साथ-साथ लेजर डिस्प्ले ने भी लोगों का खूब मनोरंजन किया. इसके अलावा कई इंटरैक्टिव गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला.
कोलकाता में चल रहे तीन दिवसीय योग दिवस समारोह के दौरान यह ड्रोन शो सबसे ज्यादा चर्चा में रहा. तकनीक, रोशनी और कहानी कहने की कला का ऐसा मेल लोगों को लंबे समय तक याद रहने वाला अनुभव दे गया. कई लोगों ने इसे शहर में आयोजित सबसे शानदार सार्वजनिक आयोजनों में से एक बताया.
योग दिवस समारोह का सबसे बड़ा कार्यक्रम 21 जून की सुबह रेड रोड पर आयोजित किया गया. यहां हजारों लोग एक साथ योगाभ्यास करते नजर आए. इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल हुए.