Advertisement

AAP नेता सौरभ भारद्वाज के घर ED की छापेमारी, केजरीवाल समेत विपक्ष नेताओं ने साधा केंद्र पर निशाना

छापेमारी की खबर सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार पर करारा हमला बोला. पार्टी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह रेड मोदी सरकार द्वारा एजेंसियों के दुरुपयोग का उदाहरण है और साफ है कि AAP को राजनीतिक कारणों से निशाना बनाया जा रहा है.

Saurabh Bharadwaj ED raid
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 26 अगस्त 2025,
  • अपडेटेड 12:46 PM IST

दिल्ली सरकार में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज के आवास सहित 13 जगहों पर मंगलवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक साथ छापे मारे. बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई स्वास्थ्य परियोजनाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर की गई है. ईडी ने इस केस को जुलाई में दर्ज किया था और फिलहाल इसकी जांच जारी है.

छापेमारी की खबर सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार पर करारा हमला बोला. पार्टी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह रेड मोदी सरकार द्वारा एजेंसियों के दुरुपयोग का उदाहरण है और साफ है कि AAP को राजनीतिक कारणों से निशाना बनाया जा रहा है.

"AAP को टारगेट कर रही है मोदी सरकार"

केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर लिखा, “मोदी सरकार आम आदमी पार्टी से डर गई है. इतिहास में किसी राजनीतिक दल को इस तरह टारगेट नहीं किया गया. क्योंकि हम भ्रष्टाचार और गलत नीतियों के खिलाफ सबसे मजबूत आवाज हैं, इसलिए हमें दबाने की कोशिश की जा रही है. लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं. देशहित में हमेशा आवाज उठाते रहेंगे.”

आतिशी का आरोप

AAP की नेता और पूर्व मंत्री आतिशी ने भी ईडी की कार्रवाई पर सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि जब देशभर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की डिग्री पर सवाल उठ रहे हैं, तभी यह रेड की गई है ताकि असल मुद्दे से लोगों का ध्यान हटाया जा सके.

उन्होंने दावा किया कि जिस समय का मामला ईडी बता रही है, उस दौरान सौरभ भारद्वाज मंत्री भी नहीं थे. इसलिए पूरा केस ही झूठा और राजनीति से प्रेरित है.

सत्येंद्र जैन मामले का जिक्र

आतिशी ने कहा कि याद कीजिए, सत्येंद्र जैन को भी तीन साल जेल में रखा गया. अंत में सीबीआई और ईडी को क्लोजर रिपोर्ट देनी पड़ी. इससे साफ है कि आम आदमी पार्टी के नेताओं के खिलाफ सभी केस सिर्फ फर्जी और राजनीतिक हैं.”

भगवंत मान क्या बोले?

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी इस कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताया. उन्होंने कहा, “मोदी जी की डिग्री को लेकर पूरे देश में सवाल उठ रहे हैं. उसी से ध्यान भटकाने के लिए सौरभ भारद्वाज के घर ईडी की रेड डाली गई है.”

सिसोदिया का बयान

दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम और शिक्षा मंत्री रहे मनीष सिसोदिया ने भी ट्वीट कर केंद्र सरकार पर हमला बोला. उन्होंने कहा, “सत्येंद्र जैन को तीन साल जेल में रखा गया, लेकिन कोई सबूत नहीं मिला. यह साफ है कि सारे केस झूठे हैं. असली लड़ाई सच्चाई की नहीं बल्कि AAP की ईमानदारी को खत्म करने की है.”

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement