Advertisement

LPG Crisis: घर पर डिलिवरी का नहीं इंतजार, बुकिंग कर सीधे कर रहे एजेंसी का रुख.. केवाईसी करवाने के लिए लगी लाइन

युद्ध की बात सुनकर लोगों फैली दहशत. गैस सिलेंडर के लिए लगा रहे एजेंसियों के बाहर लाइन. केवाईसी और फोन नंबर अपडेट करने के लिए भी लगी कतार.

गैस एजेंसी पहुंची उपभोक्ता
gnttv.com
  • बरेली,
  • 13 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 10:56 AM IST

ईरान-इजरायल युद्ध के बीच बरेली में भी इसका असर साफ दिखाई देने लगा है. एलपीजी गैस सिलेंडर के लिए लोगों को घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है. आलम यह है कि शहर की तमाम गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही लोग लाइन में लगे दिखाई दे रहे हैं. कहीं लोग खाली सिलेंडर लेकर पहुंच रहे हैं, तो कोई केवाईसी करने के लिए लाइन में लगा है. 

एजेंसी मालिकों का कहना है कि जिले में पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर मौजूद है, लोगों को होम डिलीवरी की जा रही है, लेकिन कुछ लोगों की केवाईसी नहीं होने से या बुकिंग समय पर नहीं होने से परेशानी हो रही है. इस वजह से अब लोग बुकिंग करने के लिए और केवाईसी करने के लिए परेशान हो रहे हैं. इसी कारण से लोगों में अफवाहें फैल रहीं हैं.

25 दिन में मिल रही है बुकिंग
जिले में तमाम एजेंसी मैनेजरों का कहना है कि पहले बुकिंग के कुछ दिन बाद ही गैस सिलेंडर की डिलीवरी हो जाती थी. लेकिन अचानक से केवाईसी और युद्ध की बात सामने आने के कारण लोगों में दहशत फैल गई है. जिसकी वजह से लोग अचानक से भारी संख्या में बुकिंग करने लगे हैं. साथ ही अपने डॉक्यूमेंट्स पूरे करने के लिए एजेंसी के चक्कर काट रहे हैं. 

वहीं, पहले के मुकाबले सरकार ने अब बुकिंग का नियम बदल दिया है अब 25 दिन के बाद ही दोबारा बुकिंग की जा सकेगी. इसके अलावा जिन गैस सिलेंडरों की डिलीवरी हो रही है, उनके लिए भी ओटीपी नंबर देना होगा. यह इसलिए किया गया है जिससे कि सिलेंडर की कालाबाजारी ना हो पाए.

केवाईसी के लिए लगी घंटों की लाइन
एक साथ तमाम गैस एजेंसियों पर लोग सुबह से ही लाइन में लगने लगे हैं. सभी को केवाईसी और कनेक्शन की बुकिंग करने की जल्दी है. तमाम गैस एजेंसियों पर लंबी-लंबी लाइन दिखाई दे रही है. अधिकांश लोगों का यही कहना है कि गैस सिलेंडर बुकिंग के कुछ दिन बाद मिल रहा है, लेकिन सर्वर डाउन होने की वजह से केवाईसी होने में दिक्कत हो रही है. जिसकी वजह से तमाम गैस एजेंसी पर लाइन लगी हुई है. 

तमाम एजेंसियों ने यह साफ कह दिया है कि इस समय कालाबाजारी पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है. अधिकारी निगरानी कर रहे हैं. बिना ओटीपी नंबर के किसी को भी सिलेंडर की डिलीवरी नहीं की जा रही है. तमाम एजेंसियों पर भीड़ इसलिए भी है क्योंकि वह बुकिंग के कुछ ही देर बाद गैस सिलेंडर लेने के लिए सीधे एजेंसी आ रहे हैं और उन लोगों को एजेंसी से ही डिलीवरी हो रही है.

- कृष्ण गोपाल राज की रिपोर्ट

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement