पश्चिम बंगाल सरकार की प्रस्तावित अन्नपूर्णा योजना के तहत पहली किस्त का पैसा 3 जून से महिलाओं के बैंक खातों में भेजा जाएगा. मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने हाल ही में घोषणा की थी कि पात्र महिला लाभार्थियों को सीधे उनके बैंक खाते में 3,000 रुपए दिए जाएंगे. ऐसे में सरकार ने लाभार्थियों को सलाह दी है कि वे अपने बैंक खाते और आधार से जुड़ी जानकारी की जांच कर लें, ताकि भुगतान में किसी तरह की दिक्कत न आए.
सरकार का मानना है कि लक्ष्मीर भंडार योजना की लाभार्थियों को स्वतः अन्नपूर्णा भंडार योजना में शामिल किया जाएगा. हालांकि कई महिलाओं के बैंक खाते निष्क्रिय होने, गलत जानकारी दर्ज होने, DBT फेल होने या बैंक बदलने जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं.
पैसा पाने के लिए आधार से लिंक होना जरूरी
योजना का पैसा सीधे DBT (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के जरिए भेजा जाएगा. इसलिए यह जरूरी है कि लाभार्थी का सक्रिय बैंक खाता आधार से लिंक हो.
यदि आधार किसी पुराने या बंद बैंक खाते से जुड़ा है तो भुगतान अटक सकता है. ऐसे में पहले यह जांचना जरूरी है कि आधार से फिलहाल कौन-सा बैंक खाता जुड़ा हुआ है.
अन्नपूर्णा योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन करें
जो महिलाएं अन्नपूर्णा योजना का लाभ लेना चाहती हैं, उन्हें ऑनलाइन आवेदन करना होगा. आवेदन भरने से पहले आधार कार्ड, बैंक खाते की जानकारी और पासपोर्ट साइज फोटो तैयार रखना जरूरी है, ताकि प्रक्रिया बिना किसी परेशानी के पूरी हो सके.
आवेदन जमा होने के बाद सरकारी अधिकारी उसकी जांच और सत्यापन करेंगे. इसके बाद ग्रामीण क्षेत्रों में ब्लॉक विकास अधिकारी (BDO) और शहरी क्षेत्रों में उप-मंडल अधिकारी (SDO) पात्र आवेदकों की सूची ऑनलाइन जिला मजिस्ट्रेट (DM) को भेजेंगे. अंतिम मंजूरी मिलने के बाद लाभार्थियों के खातों में योजना की राशि ट्रांसफर की जाएगी.
ऐसे चेक करें आधार से लिंक बैंक खाता
लाभार्थी NPCI की वेबसाइट पर जाकर अपने आधार से जुड़े बैंक खाते की जानकारी देख सकते हैं. इसके लिए वेबसाइट पर 'Customer' सेक्शन में जाकर 'Bharat Aadhaar Seeding Enabler (BASE)' विकल्प चुनना होगा. इसके बाद 'Aadhaar Mapped Status' पर क्लिक करके आधार नंबर और कैप्चा भरना होगा. मोबाइल पर आए OTP को दर्ज करने के बाद स्क्रीन पर बैंक का नाम और DBT स्टेटस दिखाई देगा.
गलत बैंक खाता लिंक है तो ऐसे करें अपडेट
अगर आधार किसी गलत खाते से जुड़ा है या बैंक बदलना है, तो NPCI पोर्टल के जरिए इसे अपडेट किया जा सकता है.
इसके लिए 'Aadhaar Seeding/Deseeding' विकल्प पर जाकर आधार नंबर दर्ज करना होगा. इसके बाद नया बैंक चुनकर बैंक खाते की जानकारी भरनी होगी.
यदि पहले कोई बैंक खाता लिंक नहीं था तो 'Fresh Seeding' विकल्प चुनना होगा. वहीं एक ही बैंक में नया खाता जोड़ने के लिए अलग विकल्प और दूसरे बैंक में खाता बदलने के लिए अलग विकल्प दिया गया है. प्रक्रिया पूरी होने के बाद OTP सत्यापन के जरिए बदलाव की पुष्टि करनी होगी.
आवेदन फॉर्म को लेकर उठे सवाल
अन्नपूर्णा योजना का 12 पन्नों का आवेदन फॉर्म भी चर्चा में है. फॉर्म में परिवार के सभी सदस्यों से जुड़ी विस्तृत जानकारी मांगी गई है. कुछ लोगों का कहना है कि ज्यादा दस्तावेज और लंबी प्रक्रिया के कारण कई वास्तविक लाभार्थी योजना से बाहर रह सकते हैं. हालांकि मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने इन आशंकाओं को खारिज किया है. उन्होंने कहा कि महिलाओं को परेशान होने की जरूरत नहीं है. सरकारी अधिकारी घर-घर जाकर आवेदन फॉर्म भरने में मदद करेंगे.
ये भी पढ़ें