Advertisement

पहले था राखी कश्यप पर शक, लेकिन अब उसकी मौत ने उलझाया विक्रांत हत्याकांड, पुलिस के हाथ अब भी खाली, कातिल कौन?

बागपत जिले के डूडा विभाग में तैनात सीएमएम विक्रांत कुमार की गुमशुदगी और मौत का मामला अब एक दोहरी हत्या की साजिश की ओर इशारा कर रहा है. 16 अप्रैल से लापता विक्रांत का शव 17 अप्रैल को सहारनपुर में मिला था, जिसके बाद अब इस मामले की मुख्य संदिग्ध राखी कश्यप का शव भी 27 अप्रैल 2026 को सहारनपुर के मिर्जापुर क्षेत्र के जंगलों में बरामद हुआ है.

विक्रांत हत्याकांड
gnttv.com
  • बागपत,
  • 30 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 6:37 PM IST

बागपत जिले में तैनात डूडा विभाग के सीएमएम विक्रांत कुमार के रहस्यमयी ढंग से लापता होने का मामला अब बेहद खौफनाक मोड़ ले चुका है. 16 अप्रैल से गायब विक्रांत कुमार की तलाश में पूरा बागपत जुटा हुआ था. इसके बाद 17 अप्रैल को सहारनपुर के बड़ागांव इलाके में उनका शव बरामद हुआ. शव मिलने के बाद उनका अंतिम संस्कार भी कर दिया गया था. लेकिन मामला यहीं खत्म नहीं हुआ, बल्कि इसके बाद घटनाक्रम और ज्यादा रहस्यमय होता चला गया.

पत्नी ने पहले ही लगाए थे गंभीर आरोप
विक्रांत कुमार की पत्नी प्राची ने शुरुआत से ही राखी कश्यप नाम की एक युवती पर गंभीर आरोप लगाए थे. उन्होंने राखी पर विक्रांत के साथ रिश्ते में होने और उन्हें गायब कराने तक के आरोप लगाए थे. इसी सिलसिले में 23 अप्रैल 2026 की रात बागपत पुलिस राखी कश्यप के कमरे पर पहुंची और उससे पूछताछ भी की. हालांकि उस समय पुलिस को कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा. मामले की जांच जारी थी, लेकिन कोई स्पष्ट दिशा सामने नहीं आ पा रही थी.

राखी कश्यप का शव मिलने से मचा हड़कंप
मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि 27 अप्रैल 2026 की रात एक और सनसनीखेज घटना सामने आई. सहारनपुर के मिर्जापुर क्षेत्र के रजापुर नौगांव के जंगल में राखी कश्यप का शव बरामद हुआ. इस खबर के सामने आते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह महज एक इत्तेफाक है या फिर किसी बड़ी साजिश का हिस्सा. दो लोगों की मौत और दोनों का सहारनपुर से जुड़ाव इस केस को और ज्यादा उलझा रहा है.

विक्रांत और राखी के रिश्ते पर उठे सवाल
जानकारी के मुताबिक, विक्रांत कुमार और राखी कश्यप के बीच लंबे समय से संबंध थे. बताया जा रहा है कि विक्रांत ने बागपत में राखी के लिए किराये का मकान भी ले रखा था. ऐसे में यह सवाल और गहरा हो गया है कि आखिर दोनों का सहारनपुर कनेक्शन क्या था. क्या दोनों को वहां बुलाकर मारा गया? या फिर इस कहानी में कोई तीसरा किरदार भी शामिल है, जो अब तक सामने नहीं आया है.

पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल
इस पूरे घटनाक्रम के बाद पुलिस की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं. जिस युवती पर पहले से एक अफसर को गायब करने का आरोप था, आखिर उस पर नजर क्यों नहीं रखी गई. सबसे बड़ा सवाल यह भी है कि राखी बिना किसी जानकारी के सहारनपुर तक कैसे पहुंच गई. इतना ही नहीं, राखी कश्यप की असली पहचान और उसका मूल निवास भी अभी तक साफ नहीं हो पाया है. यही वजह है कि यह मामला और ज्यादा रहस्यमय बनता जा रहा है.


(रिपोर्ट- मनुदेव)

ये भी पढ़ें 


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement