Advertisement

'मैं तुम्हें दिनदहाड़े मारूंगा.. दौड़ा कर मांरूगा', कानून के इस रखवाले को नहीं किसी की फिक्र... कैमरे पर कैद हुआ धमकी देते हुए

पुलिस की जहां जिम्मेदारी कानून संभालने की होती है. वहीं, कानून का एक रखवाला कार चालक को धमकी देते हुए कहता है कि मैं तुम्हें मारूंगा, फिर चाहे जिससे भी शिकायत कर लेना.

धमकी देते हुए सिपाही
सैयद रेहान मुस्तफ़ा
  • बाराबंकी,
  • 25 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 4:39 PM IST

यूपी के बाराबंकी में एक सिपाही का कार चालक से अभद्रता और धमकी देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में सिपाही युवक को धमकी भरे अंदाज में बात करता सुनाई दे रहा है.

वीडियो में सिपाही युवक से कहता सुनाई दे रहा है कि 'तुम्हें दिनदहाड़े मारूंगा... दौड़ा कर मारूंगा... कायदे से मारूंगा. इसके बाद चाहे श्रीमान कप्तान साहब के यहां चले जाना या श्रीमान जज साहब के यहां.'

किस पुलिस सिपाही का है वीडियो?

वीडियो में नजर आ रहा सिपाही बाराबंकी के लखनऊ-अयोध्या हाईवे स्थित मेयो पुलिस चौकी में तैनात कपिल तिवारी बताया जा रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद मामला पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में पहुंचा. एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं.

इस्तेमाल किए आपत्तिजनक शब्द - पुलिस

पुलिस के मुताबिक, 21 और 22 अगस्त की दरमियानी रात सिपाही कपिल तिवारी और रिक्रूट सिपाही करनदीप इलाके में गश्त कर रहे थे. रात करीब एक बजे सरथरा गांव स्थित हनुमान मंदिर के पास विशाल यादव स्विफ्ट कार से पहुंचा.

पुलिस का कहना है कि विशाल यादव 20 अगस्त को कोतवाली नगर थाने में दर्ज मुकदमे से क्षुब्ध था और उसने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया. इसी दौरान हुई बातचीत का वीडियो विशाल यादव ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.

विशाल पर है 5 मामले पहले से दर्ज - पुलिस

पुलिस के अनुसार, विशाल यादव के खिलाफ लखनऊ और बाराबंकी के अलग-अलग इलाकों में बलवा, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी समेत अन्य आरोपों में कुल पांच मुकदमे दर्ज हैं. फिलहाल वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और पुलिस अधिकारियों ने मामले में नियमानुसार कार्रवाई की बात कही है.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement