Advertisement

Barmer News: प्रत्याशी के लिए प्रचार करना पड़ा भारी! रैली में निकाले ट्रैक्टर ने महिलाओं को मारी टक्कर, फिर किसी की दुकान में जा भिड़ा... पार्टी के नाम पर उठे सवाल

राजस्थान के बाड़मेर में नगर परिषद चुनाव प्रचार के दौरान एक ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया. जिसके बाद उसने दो महिलाओं में टक्कर मारी और बाद में एक दुकान में जा भिड़ा. यह प्रचार आरएलपी के प्रत्याशी के समर्थन में किया जा रहा था.

दुकान में ट्रैक्टर की टक्कर
दिनेश बोहरा
  • बाड़मेर,
  • 07 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 2:00 PM IST

राजस्थान के बाड़मेर जिला मुख्यालय पर नगर परिषद चुनाव प्रचार के दौरान वार्ड संख्या 13 की करमूजी की गली में रविवार शाम करीब 5 बजे एक बड़ा हादसा हो गया. दरअसल आरएलपी (RLP) प्रत्याशी के समर्थन में निकाली जा रही प्रचार रैली के दौरान एक बेकाबू ट्रैक्टर ने आगे चल रही दो महिलाओं को चपेट में ले लिया और सीधे एक ज्वेलर्स की दुकान में जा घुसा. हादसे में दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई हैं.

कितनी गंभीर चोट आई पीड़ितों को?

जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या 13 में आरएलपी प्रत्याशी नवीन कुमार जैन के समर्थक ट्रैक्टर पर म्यूजिक सिस्टम लगाकर प्रचार कर रहे थे. रैली के दौरान वीडियो और रील्स बनाने की होड़ में चालक ट्रैक्टर से नियंत्रण खो बैठा. हादसे में जैन न्याति नोहरा निवासी झमुदेव (52) पत्नी गौतमचंद और पपुदेवी पत्नी मूलचंद गंभीर रूप से घायल हो गईं. एक महिला का पैर फैक्चर हो गया तो दूसरी महिला का कंधा उतर गया है.

हादसे से लोग हैं गुस्से में

लोगों का कहना है कि चुनाव प्रचार का माहौल चल रहा है तो बच्चों से लेकर बूढ़े तक, सभी लोग शाम के समय घर के बाहर बात करते रहते हैं. ट्रैक्टर ने जिस तरह से दो महिलाओं को चपेट में लिया और एक दुकान को नुकसान पहुंचाया. यह हादसा एक बड़े हादसे का रूप भी ले सकता था. लोगों का कहना है कि पुलिस और प्रशासन को संबंधित चालक, प्रत्याशी और उनके समर्थकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए.

जांच में जुटी है पुलिस

घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने निजी वाहन की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है. घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस समेत एएसपी नितेश आर्य मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर को जब्त कर थाने में खड़ा करवाया. एएसपी नितेश आर्य ने बताया कि चुनाव प्रचार के दौरान बेकाबू ट्रैक्टर एक दुकान में घुस गया.

बेकाबू ट्रैक्टर की चपेट में आने से 2 महिलाएं घायल हुई है, दोनों को अस्पताल में इलाज चल रहा है. ट्रैक्टर चालक शराब के नशे में था या इस तरह की लापरवाही कैसे हुई, पुलिस इसकी जांच के जुटी है.

हादसे के बाद अस्पताल पहुंचे नेता

घटना की खबर मिलते ही आरएलपी, बीजेपी और कांग्रेस के स्थानीय नेता और पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे. बीजेपी नेता स्वरूप सिंह खारा ने आरोप लगाया कि ट्रैक्टर चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था. उन्होंने कहा कि RLP जब से बाड़मेर में चुनावी मैदान में उतरी है. उसके बाद से दो बड़ी घटनाएं हो गई. पहले SDM कार्यालय में प्रत्याशी धर्माराम प्रजापत का अपहरण और अब ट्रेकटर से महिलाओं को कुचलना. इसलिए सभी लोग सोच समझकर वोट करें.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement