यूपी के बस्ती जिले के रुधौली क्षेत्र में बारिश के बाद रास्ते पर जमा कीचड़ से छात्र-छात्राओं की परेशानी बढ़ गई. बुधवार को स्कूल की छुट्टी के बाद बच्चे अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान वहां से स्थानीय सपा विधायक राजेंद्र चौधरी का काफिला गुजर रहा था. रास्ते की हालत से परेशान छात्र-छात्राओं ने विधायक के काफिले को रोक लिया. काफिला रुकने के बाद छात्र-छात्राओं ने विधायक राजेंद्र चौधरी को अपनी समस्या बताई. बच्चों ने उन्हें रास्ते पर फैले कीचड़ और जलभराव की स्थिति दिखाई और जल्द से जल्द इसे दूर कराने की मांग की. बच्चों का कहना था कि इस रास्ते से रोजाना स्कूल आने-जाने में उन्हें काफी दिक्कत होती है.
अधिकारियों से मौके पर ही की बात
छात्र-छात्राओं की परेशानी सुनने के बाद विधायक राजेंद्र चौधरी ने वहीं से संबंधित अधिकारियों से बात की. उन्होंने अधिकारियों को बच्चों की समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए और जल्द ही रास्ते की परेशानी दूर होने का आश्वासन दिया. इसके बाद ही छात्र-छात्राओं ने विधायक के काफिले को वहां से जाने दिया.
हर दिन सैकड़ों बच्चे करते हैं रास्ते का इस्तेमाल
बस्ती के मुड़ाडिहा उर्फ भोपालपुर हनुमानगंज की तरफ जाने वाले सरयू नहर खंड चार नहर मार्ग पर खड़ंजा लगाया गया है. बारिश के मौसम में इस रास्ते पर जलभराव हो गया है. इसके चलते यहां से लोगों का गुजरना मुश्किल हो रहा है. हनुमानगंज नहर मार्ग से इंटर कॉलेज, पूर्व माध्यमिक विद्यालय, प्राथमिक विद्यालय सहित कई स्कूलों के सैकड़ों छात्र-छात्राएं रोजाना गुजरते हैं. रास्ते पर पानी और कीचड़ जमा होने की वजह से बच्चों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है.
कीचड़ में गिर जाते हैं बच्चे
जलभराव और कीचड़ के कारण कई बार बच्चों के गिरने की स्थिति बन जाती है. कीचड़ में गिरने से उनकी स्कूल ड्रेस और जूते गंदे पानी में भीग जाते हैं. बारिश के दिनों में स्कूल आने-जाने के दौरान यह समस्या बच्चों के लिए रोज की परेशानी बन गई है.
बच्चों के सब्र का बांध टूटा
बुधवार को स्कूल की छुट्टी के बाद छात्र-छात्राएं अपने घर लौट रहे थे. उसी दौरान विधायक राजेंद्र चौधरी का काफिला वहां से गुजर रहा था. रास्ते की खराब हालत से लगातार परेशान बच्चों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने विधायक के काफिले को रोककर अपनी बात रख दी.
विधायक ने दिया समस्या दूर कराने का भरोसा
बाद में रुधौली विधायक राजेंद्र चौधरी ने बताया कि उन्होंने बच्चों की समस्याएं सुनीं. उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि बच्चों की दिक्कतों का निराकरण किया जाए. विधायक के आश्वासन के बाद छात्र-छात्राओं ने काफिले को आगे जाने दिया.
ये भी पढ़ेें