बिहार के बेतिया जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. आमतौर पर सांप के काटते ही लोग घबरा जाते हैं, लेकिन नरकटियागंज प्रखंड के हरसरी पुरैनिया गांव के एक युवक ने सूझबूझ दिखाते हुए ऐसा कदम उठाया, जिसकी अब हर तरफ चर्चा हो रही है. युवक जहरीले कोबरा के डसने के बाद उसी सांप को डिब्बे में बंद कर इलाज के लिए अस्पताल पहुंच गया.
घर की सफाई के दौरान कोबरा ने काटा
जानकारी के अनुसार, हरसरी पुरैनिया गांव निवासी धनजीत कुमार मिश्र अपने घर की सफाई कर रहे थे. इसी दौरान घर में छिपे एक जहरीले कोबरा ने उनके हाथ में डस लिया. सांप के काटते ही धनजीत घबराए नहीं. उन्होंने सावधानी से कोबरा को एक डिब्बे में बंद किया और परिजनों के साथ तुरंत नरकटियागंज अनुमंडलीय अस्पताल के लिए रवाना हो गए.
अस्पताल में जिंदा कोबरा देखकर मचा कौतूहल
जब धनजीत अस्पताल पहुंचे और लोगों ने डिब्बे के अंदर जिंदा कोबरा देखा तो वहां मौजूद मरीज, उनके परिजन और स्वास्थ्यकर्मी हैरान रह गए. कुछ ही देर में यह खबर पूरे अस्पताल में फैल गई और अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई. हर कोई डिब्बे में बंद कोबरा को देखने के लिए उत्सुक नजर आया. हालांकि, इस दौरान चिकित्सकों ने भी बिना समय गंवाए अपनी जिम्मेदारी निभाई और युवक का इलाज शुरू कर दिया.
समय पर इलाज मिलने से बची जान
अनुमंडलीय अस्पताल के चिकित्सक डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि धनजीत कुमार मिश्र समय पर अस्पताल पहुंच गए थे. इसी वजह से उनका तुरंत उपचार शुरू किया गया. फिलहाल उनकी हालत सामान्य है और उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है. डॉक्टरों का कहना है कि सांप के काटने के मामलों में समय सबसे महत्वपूर्ण होता है. जितनी जल्दी मरीज अस्पताल पहुंचता है, उसके ठीक होने की संभावना उतनी ही अधिक रहती है.
डॉक्टर ने अंधविश्वास से बचने की दी सलाह
डॉ. राजेश कुमार ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति को सांप काट ले तो झाड़-फूंक या किसी तरह के अंधविश्वास में समय बर्बाद नहीं करना चाहिए. मरीज को बिना देरी किए नजदीकी अस्पताल पहुंचाना सबसे जरूरी है.
उन्होंने कहा कि सही समय पर उचित इलाज मिलने से अधिकांश मामलों में मरीज की जान बचाई जा सकती है. ऐसे मामलों में घबराने के बजाय समझदारी और सतर्कता से काम लेना चाहिए. धनजीत कुमार मिश्र की सूझबूझ और समय पर अस्पताल पहुंचने से उनकी जान सुरक्षित बच गई. वहीं, अस्पताल में जिंदा कोबरा के साथ पहुंचे इस युवक की घटना अब इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.
ये भी पढ़ें