Advertisement

Bhopal Firing Case: सगाई से नाराज PG डॉक्टर ने महिला डॉक्टर और उसके भाई पर दागीं 3 गोलियां, खौफनाक वारदात के बाद खुदकुशी का प्रयास

भोपाल के गांधीनगर में देर रात पीजी डॉक्टर नवीन रोहिला ने अपनी पुरानी दोस्त डॉक्टर श्वेता ठाकुर और उनके भाई पर पिस्तौल से तीन गोलियां चला दीं. महिला डॉक्टर की सगाई से नाराज होकर अंजाम दी गई इस वारदात के बाद आरोपी ने खुदकुशी की कोशिश की. फिलहाल तीनों अस्पताल में भर्ती हैं.

Bhopal Firing Case
धर्मेंद्र साहू
  • भोपाल,
  • 07 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 8:33 PM IST

राजधानी भोपाल में देर रात फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया. गांधीनगर इलाके में PG डॉक्टर नवीन रोहिला अपनी पुरानी दोस्त और डॉक्टर एक्स गर्लफ्रेंड श्वेता ठाकुर के घर पहुंचा और पिस्तौल से तीन गोलियां चला दीं. फायरिंग में श्वेता ठाकुर और उनके भाई अभिषेक ठाकुर घायल हो गए. दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद आरोपी डॉक्टर ने भी आत्महत्या करने की कोशिश की. बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.

कई सालों से थी दोनों की दोस्ती
पुलिस के मुताबिक, आरोपी डॉक्टर नवीन रोहिला और घायल महिला डॉक्टर श्वेता ठाकुर की कई सालों से दोस्ती थी. दोनों ने एक साथ कॉलेज में पढ़ाई भी की थी. दोनों के बीच नजदीकी संबंध होने की बात भी सामने आई है. बाद में श्वेता ठाकुर की सगाई हो गई. पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि सगाई के बाद आरोपी डॉक्टर परेशान चल रहा था. हालांकि, फायरिंग की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी जांच अभी जारी है.

रात 11:30 बजे महिला डॉक्टर के घर पहुंचा
घटना गांधीनगर इलाके में देर रात करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है. आरोपी डॉक्टर महिला डॉक्टर के घर पहुंचा. वहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ और इसके बाद उसने पिस्तौल से फायरिंग कर दी. बताया जा रहा है कि आरोपी ने एक के बाद एक तीन गोलियां चलाईं. गोलियों की आवाज सुनकर इलाके में हड़कंप मच गया. फायरिंग में महिला डॉक्टर और उनका भाई घायल हो गए. एक गोली महिला डॉक्टर की कनपटी के पास लगी, जबकि उनका भाई अभिषेक ठाकुर भी गोली लगने से घायल हुआ. दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.

फायरिंग के बाद खुदकुशी की कोशिश
महिला डॉक्टर और उनके भाई पर फायरिंग करने के बाद आरोपी डॉक्टर ने कथित तौर पर खुदकुशी करने की कोशिश की. बताया जा रहा है कि उसने रेलिंग से रस्सी बांधकर आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हुआ. इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर है.

पुलिस ने दर्ज की FIR
घटना की जानकारी मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी. मामले में आरोपी डॉक्टर के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है. घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. पुलिस फायरिंग में इस्तेमाल पिस्तौल के साथ ही वारदात के पीछे की पूरी वजह का भी पता लगा रही है.

ACP शैलेन्द्र सिंह चौहान ने क्या बताया?
अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर शैलेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि गांधीनगर में एक डॉक्टर ने अपनी पुरानी दोस्त और उसके भाई पर रात में पिस्तौल से फायर किया था. इस घटना में दोनों भाई-बहन को चोट आई है और दोनों अस्पताल में भर्ती हैं. पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर ली है. उन्होंने बताया कि आरोपी और घायल महिला डॉक्टर पुराने दोस्त थे और दोनों ने साथ में कॉलेज में पढ़ाई की थी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वारदात की वजह के साथ घटनाक्रम के अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है.

सगाई के बाद बढ़ी थी परेशानी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला डॉक्टर की सगाई होने के बाद आरोपी डॉक्टर कथित तौर पर परेशान था. हालांकि, फायरिंग के पीछे की वास्तविक वजह अभी साफ नहीं हुई है. पुलिस दोनों पक्षों के पुराने संबंधों, उनके बीच हुई बातचीत और घटना से पहले के घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है. फिलहाल इस वारदात में महिला डॉक्टर और उनके भाई समेत दो लोग घायल हैं, जबकि आरोपी डॉक्टर भी अस्पताल में भर्ती है. पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही फायरिंग की वास्तविक वजह और पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
 

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement