Supaul Mid Day Meal Poisoning Case: स्कूल में मिड-डे मील खाने से 100 से अधिक छात्र बीमार, खाने में बिच्छू मिलने का है आरोप

सुपौल के एक सरकारी स्कूल में मिड-डे मील खाने के बाद 100 से अधिक बच्चों की तबीयत बिगड़ गई. भोजन में मरा हुआ बिच्छू मिलने का आरोप है. सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं, जांच जारी है.

मिड-डे मील खाने से छात्र-छात्रा पड़े बीमार
राम चन्द्र मेहता
  • सुपौल,
  • 22 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 9:56 PM IST

बिहार के सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के मिरजवा वार्ड-10 स्थित मध्य विद्यालय में बुधवार को मिड-डे मील (एमडीएम) खाने के बाद 100 से अधिक छात्रों की तबीयत बिगड़ गई. भोजन में कथित तौर पर मरा हुआ बिच्छू मिलने की सूचना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई. आनन-फानन में सभी बीमार बच्चों को छोटी-छोटी गाड़ियों और अन्य वाहनों से त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. राहत की बात यह रही कि सभी बच्चों की हालत फिलहाल सामान्य और खतरे से बाहर बताई जा रही है.

चावल और आलू-चना की सब्जी परोसी गई थी
जानकारी के अनुसार, बुधवार को मध्याह्न भोजन में बच्चों को चावल और आलू-चना की सब्जी परोसी गई थी. छात्रों का आरोप है कि भोजन के दौरान सब्जी में मरा हुआ बिच्छू मिला. हालांकि, तब तक अधिकांश बच्चे खाना खा चुके थे. इसी वजह से बड़ी संख्या में छात्र प्रभावित हो गए.

खाने के कुछ देर बाद दिखने लगे लक्षण
भोजन करने के कुछ ही देर बाद कई बच्चों ने गले में जलन, पेट दर्द, उल्टी, चक्कर और बेचैनी की शिकायत की. देखते ही देखते कुछ बच्चों की हालत बिगड़ने लगी, जबकि कुछ छात्र उल्टी करने लगे और कुछ बेहोशी जैसी स्थिति में पहुंच गए. स्थिति गंभीर होती देख स्कूल प्रशासन और शिक्षकों ने बिना देर किए सभी बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया.

मामले की जांच शुरू, कार्रवाई का भरोसा
इस मामले पर मध्याह्न भोजन के डीपीएम पंकज कुमार सिंह ने बताया कि जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) से सूचना मिलने के बाद पूरे मामले की जानकारी ली गई है. उन्होंने कहा कि मध्याह्न भोजन खाने के बाद कुछ बच्चों में पेट दर्द और उल्टी की शिकायत सामने आई है. कुछ छात्रों ने भोजन में बिच्छू मिलने की बात कही है. पूरे मामले की जांच कराई जा रही है. यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

डॉक्टर ने क्या बताया?
त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल के डॉ. बीएन पासवान ने बताया कि मध्याह्न भोजन खाने के बाद 100 से अधिक बच्चों को पेट दर्द, सिरदर्द, उल्टी और घबराहट की शिकायत के साथ अस्पताल लाया गया था. सभी बच्चों का प्राथमिक उपचार किया गया है. उन्होंने बताया कि सभी की स्थिति फिलहाल सामान्य है और कोई भी बच्चा खतरे से बाहर है.

प्रशासन जांच में जुटा
घटना के बाद प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है. अधिकारियों का कहना है कि भोजन में मरा हुआ बिच्छू मिलने के आरोप समेत सभी पहलुओं की जांच की जाएगी. जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल सभी बच्चों का इलाज जारी है और उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
 

ये भी पढ़ें

Read more!

RECOMMENDED