Advertisement

कोर्ट रूम में अचानक टूटा सीलिंग फैन...सुनवाई कर रहे जज पर जा गिरा

इंदौर जिला अदालत में आज एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. सुनवाई के दौरान कोर्ट रूम में लगा सीलिंग फैन अचानक टूटकर गिर पड़ा, जिससे हड़कंप मच गया.

इंदौर जिला अदालत में बड़ा हादसा होते-होते टला
gnttv.com
  • इंदौर,
  • 17 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 5:04 PM IST

एमपी के इंदौर जिला अदालत में आज एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. कोर्ट में सुनवाई चल रही थी, तभी अचानक सीलिंग फैन टूटकर नीचे गिर पड़ा. तेज आवाज के साथ हुए इस हादसे से कोर्ट रूम में मौजूद लोग घबरा गए और अफरा-तफरी मच गई. जानकारी के अनुसार यह पंखा सीधे महिला अपर सत्र न्यायाधीश पर गिरा, जिससे उनके सिर और कंधे पर चोट आई. डॉक्टरों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है.

घटना के बाद कोर्ट में अफरा-तफरी
हादसे के तुरंत बाद पूरे कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में वकील मौके पर पहुंच गए. सभी इस बात से हैरान थे कि सुनवाई के दौरान इस तरह का हादसा कैसे हो गया. वकीलों में इस घटना को लेकर काफी नाराजगी भी देखने को मिली. उनका कहना है कि कोर्ट जैसी संवेदनशील जगह पर इस तरह की लापरवाही बेहद गंभीर मामला है और इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.

जर्जर भवन के लिए लंबे समय से उठ रही थीं शिकायतें
इस घटना ने एक बार फिर जिला अदालत की जर्जर हालत को उजागर कर दिया है. जिला कोर्ट अभिभाषक संघ के अध्यक्ष के मुताबिक, कई कोर्ट रूम में पुराने बिजली सिस्टम, लीकेज और कमजोर ढांचे की समस्या लंबे समय से बनी हुई है. बार-बार शिकायतों के बावजूद इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, जिसका नतीजा आज इस हादसे के रूप में सामने आया. वकीलों का कहना है कि अगर समय रहते इन खामियों को ठीक नहीं किया गया, तो भविष्य में और बड़ा हादसा हो सकता है.

प्रशासन से कार्रवाई की अपील
घटना के बाद वकीलों ने प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि न सिर्फ मौजूदा भवन की मरम्मत कराई जाए, बल्कि नई कोर्ट बिल्डिंग के निर्माण कार्य को भी तेजी से पूरा किया जाए. कई वकीलों ने यह भी कहा कि जर्जर हो रही इमारत में काम करना अब जोखिम भरा हो गया है और कभी भी कोई गंभीर हादसा हो सकता है. हालांकि इस घटना में किसी की जान नहीं गई और बड़ा नुकसान टल गया, लेकिन यह हादसा एक गंभीर चेतावनी जरूर है.

-धर्मेन्द्र कुमार शर्मा की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement