Chhindwara: एम्बुलेंस नहीं आई तो खाट पर लिटाकर पार कराई नदी, बीच धारा में गूंजी किलकारी, सिस्टम को शर्मसार करती तस्वीर

छिंदवाड़ा में एम्बुलेंस समय पर नहीं पहुंची तो गर्भवती महिला को खाट पर लिटाकर नदी पार कराई गई. बीच रास्ते में ही महिला ने बच्चे को जन्म दिया. फिलहाल मां और नवजात दोनों सुरक्षित हैं.

छिंदवाड़ा वायरल वीडियो
gnttv.com
  • छिंदवाड़ा ,
  • 29 जून 2026,
  • अपडेटेड 2:43 PM IST

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों की स्वास्थ्य व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं. यहां प्रसव पीड़ा से तड़प रही एक गर्भवती महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए परिजनों ने खाट का सहारा लिया. चार लोग महिला को खाट पर लिटाकर नदी पार करा रहे थे. इसी दौरान महिला को प्रसव हो गया. बाद में उसे बाइक से अस्पताल पहुंचाया गया. राहत की बात यह रही कि मां और नवजात दोनों सुरक्षित हैं. हालांकि इस पूरे मामले ने सिस्टम पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

खाट पर लिटाकर नदी पार कराई गर्भवती
यह मामला छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा ब्लॉक के हथौड़ा गांव का है. जानकारी के मुताबिक, बीते बुधवार को सविता विश्वकर्मा नाम की गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई. परिजनों ने तुरंत एम्बुलेंस को फोन किया, लेकिन समय पर वाहन नहीं पहुंच सका. ऐसे में परिवार के लोगों ने महिला को खाट पर लिटाया और अस्पताल ले जाने के लिए निकल पड़े.

अस्पताल पहुंचने के रास्ते में एक नदी पड़ती है, जहां पुल नहीं बना है. इसी वजह से चार युवक खाट उठाकर महिला को नदी पार करा रहे थे. इसी दौरान महिला की डिलीवरी हो गई और उसने एक बच्चे को जन्म दिया. गनीमत रही कि उस समय नदी में पानी का बहाव ज्यादा नहीं था, जिससे परिजन किसी तरह नदी पार कराने में सफल रहे.

फिर बाइक से पहुंचाया अस्पताल
नदी पार करने के बाद कच्चा रास्ता मिला, लेकिन एम्बुलेंस वहां भी नहीं पहुंच सकी. ऐसे में परिजनों ने बिना देर किए महिला और नवजात को बाइक पर बैठाया और सिविल अस्पताल अमरवाड़ा लेकर पहुंचे. वहां दोनों को भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया.

बीएमओ ने क्या बताया?
अमरवाड़ा के बीएमओ डॉ. करुष ठाकुर ने बताया कि आशा कार्यकर्ता ने समय पर एम्बुलेंस को कॉल किया था, लेकिन एम्बुलेंस मौके पर नहीं पहुंच पाई. उन्होंने बताया कि नदी पर पुल नहीं होने के कारण परिजन महिला को खाट पर लिटाकर नदी पार करा रहे थे. इसी दौरान महिला की डिलीवरी हो गई. बाद में मां और बच्चे दोनों को सिविल अस्पताल अमरवाड़ा में भर्ती कराया गया, जहां दोनों की हालत फिलहाल स्वस्थ बताई जा रही है. यह पूरी घटना अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी हुई है. वायरल वीडियो में दर्द से कराहती महिला को खाट पर लेटे हुए और चार युवकों को नदी पार कराते हुए देखा जा सकता है.

(रिपोर्ट- पवन कुमार शर्मा)

ये भी पढ़ें

 

Read more!

RECOMMENDED