नवी मुंबई से अंधविश्वास और ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां काला जादू और अघोरी पूजा-पाठ के नाम पर एक महिला से बड़ी रकम ठग ली गई. आरोपियों ने खुद को 'बाबा' बताकर महिला को डराया और दावा किया कि उस पर काला जादू किया गया है. इसी डर का फायदा उठाकर उन्होंने महिला से कई पूजा-पाठ कराने के नाम पर पैसे ऐंठ लिए.
महिला से 1.90 लाख रुपये की ठगी
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने महिला को यह भरोसा दिलाया कि उसकी परेशानियों का कारण किसी का किया हुआ जादू-टोना है. इससे छुटकारा दिलाने के लिए उन्होंने अलग-अलग पूजा और अनुष्ठान कराने की बात कही. इस दौरान महिला ने कैश और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के जरिए कुल करीब 1 लाख 90 हजार रुपये आरोपियों को दे दिए. कुछ समय बाद जब महिला को ठगी का एहसास हुआ, तब उसने समझदारी दिखाते हुए तुरंत पुलिस से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई.
24 घंटे में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
मामला दर्ज होते ही NRI सागरी पुलिस स्टेशन की टीम हरकत में आ गई. सीनियर अधिकारियों के मार्गदर्शन में एक स्पेशल टीम बनाई गई और तेजी से जांच शुरू की गई. जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी नासिक इलाके में मौजूद हैं.
इसके बाद लोकल पुलिस की मदद से जाल बिछाया गया और महज 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्जुन भारत चव्हाण उर्फ 'टनटन बाबा' (29) और सागर शिवाजी शिंदे उर्फ 'एकलहारी बाबा' (24) के रूप में हुई है.
इन धाराओं में केस दर्ज
इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ इंडियन पीनल कोड की धारा 318(4), 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है. इसके साथ ही महाराष्ट्र मानव बलि और अन्य अमानवीय, अघोरी प्रथा और जादू-टोना रोकथाम एक्ट के तहत भी केस दर्ज किया गया है.
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या इन आरोपियों ने इसी तरह और लोगों को भी अपना शिकार बनाया है.
पुलिस की लोगों से अपील
इस घटना के बाद नवी मुंबई में हलचल मच गई है. पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऐसे नकली बाबाओं और अंधविश्वास फैलाने वालों के जाल में न फंसें.
डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस, जोन 2 अमित काले ने कहा कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और अगर अन्य पीड़ित सामने आते हैं तो उनके मामलों को भी जोड़ा जाएगा.
ये भी पढ़ें