Advertisement

'स्पेशल 26' स्टाइल ठगी! सूरत के टेक्सटाइल मार्केट में सूट-बूट वाला फर्जी इनकम टैक्स ऑफिसर गिरफ्तार

अक्षय कुमार की चर्चित फिल्म ‘स्पेशल 26’ से प्रेरित होकर एक शख्स ने खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताकर कारोबारियों से अवैध वसूली करने की कोशिश की

gnttv.com
  • सूरत ,
  • 08 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 9:44 AM IST

गुजरात के सूरत शहर से एक फिल्मी कहानी जैसी हैरान करने वाली खबर सामने आई है. अक्षय कुमार की चर्चित फिल्म ‘स्पेशल 26’ से प्रेरित होकर एक शख्स ने खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताकर कारोबारियों से अवैध वसूली करने की कोशिश की. चलिए आपको बताते हैं पूरा मामला क्या है.

दरअसल, मामला सूरत के वराछा इलाके में स्थित ग्लोबल टेक्सटाइल मार्केट का है. सूट-बूट पहने, आंखों पर काला चश्मा लगाए एक व्यक्ति पूरे रौब के साथ टेक्सटाइल मार्केट में दाखिल हुआ. पहली नजर में देखकर कोई भी उसे सरकारी अधिकारी ही समझ सकता था. हाथ में इनकम टैक्स से जुड़ी फाइलें, गले में टाई और आत्मविश्वास से भरी चाल के साथ वह दुकानों में घुसा और खुद को इनकम टैक्स विभाग का क्लास-वन अधिकारी बताने लगा. उसने व्यापारियों को टैक्स चोरी और गंभीर गड़बड़ियों की धमकी देनी शुरू कर दी.

आरोपी ने व्यापारियों से कहा कि उनके टैक्स रिटर्न में भारी खामियां हैं और अगर कार्रवाई से बचना है तो उन्हें 30 लाख रुपये देने होंगे. काफी दबाव और डर के माहौल के बाद यह रकम 4 लाख रुपये पर तय हुई. आरोपी ने दावा किया कि इतनी रकम देने पर पूरा मामला ‘सेटल’ हो जाएगा. शुरुआत में कुछ व्यापारी उसके हाव-भाव और पहनावे से प्रभावित होकर भ्रमित हो गए, लेकिन बातचीत आगे बढ़ने पर उसकी भाषा और व्यवहार में गड़बड़ी महसूस होने लगी.

इसी दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति ने उसे पहचान लिया और तुरंत शक गहराने लगा. जब व्यापारियों ने उससे पहचान पत्र यानी आईडी कार्ड दिखाने को कहा तो वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर पाया. इसके बाद व्यापारियों ने बिना देर किए वराछा पुलिस को गुप्त सूचना दे दी. सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए टीम को मौके पर भेजा.

पुलिस ने आरोपी को ब्लिस होटल से रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में उसकी पहचान राजस्थान के पाली जिले के रहने वाले 51 वर्षीय विजय सिंह रावत सिंह चौहान के रूप में हुई. पुलिस जांच में सामने आया कि विजय सिंह टैक्स से जुड़े छोटे-मोटे काम करता था, जिस वजह से उसे इनकम टैक्स विभाग की कार्यप्रणाली और कागजी प्रक्रिया की अच्छी जानकारी थी. इसी जानकारी का गलत इस्तेमाल कर उसने अधिकारी बनने का नाटक रचा.

पूछताछ के दौरान आरोपी ने यह भी दावा किया कि वह इनकम टैक्स विभाग के लिए ‘इनफॉर्मर’ के तौर पर काम करता है, हालांकि पुलिस इस दावे की सच्चाई की जांच कर रही है. वराछा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जबरन वसूली यानी एक्सटॉर्शन का मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कहीं उसने इससे पहले भी किसी और व्यापारी को इसी तरह ठगा तो नहीं.

रिपोर्टर:  संजय सिंह राठौड़

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement