जयपुर शहर में पहली बार देश का अनूठा 'जयपुर चाय फेस्टिवल' आयोजित होने जा रहा है. यह दो दिवसीय फेस्टिवल 27 और 28 अप्रैल को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (RIC) में आयोजित किया जाएगा. इस आयोजन में देशभर से चाय, कॉफी और फूड स्टार्टअप्स हिस्सा ले रहे हैं. बुधवार को टी पोस्ट कैफे में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में फेस्टिवल की फाउंडर डायरेक्टर मोना शर्मा और शशांक वर्मा ने इसकी जानकारी दी. इस दौरान जयपुर नगर निगम-ग्रेटर की निवर्तमान महापौर सौम्या गुर्जर ने फेस्टिवल की ट्रॉफी का अनावरण भी किया.
'चाय और इमोशन' थीम पर होगा कवि सम्मेलन
फेस्टिवल का मुख्य आकर्षण चाय कवि सम्मेलन होगा, जिसकी थीम 'चाय और इमोशन' रखी गई है. इस खास सत्र में देशभर से करीब 20 कवि, कहानीकार और गीतकार शामिल होंगे. वे चाय से जुड़ी भावनाओं, किस्सों और जीवन के अनुभवों को कविता और कहानियों के माध्यम से पेश करेंगे. यह देश का पहला ऐसा कवि सम्मेलन होगा, जो पूरी तरह चाय पर आधारित होगा.
लाइव चाय मेकिंग और 50 तरह की चाय का रिकॉर्ड
फेस्टिवल में लाइव चाय मेकिंग सेशन, हाई टी कॉम्पिटिशन और टॉक शो भी आयोजित किए जाएंगे. खास बात यह है कि एक ही छत के नीचे 50 तरह की चाय तैयार करने का रिकॉर्ड बनाने की कोशिश की जाएगी. इसके अलावा चाय बनाम कॉफी, चाय और राजनीति, सोशल मीडिया ब्रांडिंग, कैफे बिजनेस, ज्योतिष और बिजनेस में चाय जैसे कई रोचक विषयों पर चर्चा होगी.
फैशन शो में दिखेगा चाय और क्रॉकरी का रंग
इस आयोजन का एक अनूठा हिस्सा चाय-क्रॉकरी थीम पर फैशन शो होगा. इसमें चाय और कॉफी की डाई से बने कपड़े, ब्रोकन क्रॉकरी से बनी ज्वैलरी और आर्टिस्टिक डिजाइन रैंप पर पेश किए जाएंगे. राजस्थान और गुजरात के फैशन डिजाइनिंग संस्थानों के छात्र इस कलेक्शन को डिजाइन कर रहे हैं. साथ ही जयपुर की हैंडमेड ब्लू पॉटरी भी डिजाइनर आउटफिट्स के साथ शोकेस की जाएगी.
100 से अधिक स्टार्टअप्स होंगे शामिल
मोना शर्मा ने बताया कि इस फेस्टिवल में देशभर के 100 से अधिक स्टार्टअप्स हिस्सा ले रहे हैं. इनमें राजस्थान के लोकप्रिय ब्रांड्स जैसे साहू चाय, टपरी, गुलाब जी चाय, नमो तंदूरी, सम्राट, टी पोस्ट और लीफ लाते शामिल हैं. ये स्टार्टअप्स अपनी सफलता की कहानियां साझा करेंगे और युवाओं को बिजनेस टिप्स भी देंगे.
फेस्टिवल के अंत में भव्य अवार्ड सेरेमनी आयोजित की जाएगी, जिसमें 20 से अधिक श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाएंगे. वहीं वुमन्स क्लब के जरिए महिलाओं को कैफे और चाय स्टार्टअप्स के आधुनिक मॉडल तैयार करने का मौका दिया जाएगा. टॉप 5 मॉडल्स को सम्मानित भी किया जाएगा.
ये भी पढ़ें