PNG Connection: LPG सिलेंडर का टेंशन छोड़िए... सिर्फ 1 रुपए में बिहार में ले सकते हैं पीएनजी कनेक्शन, घर बैठे ऐसे करें आवेदन

Bihar PNG Connection: अमेरिका-इजराइल बनाम ईरान युद्ध के चलते एलपीजी सिलेंडर मिलने में थोड़ी परेशानी हो रही है. ऐसे में घरेलू पीएनजी कनेक्शन एक बेहतर विकल्प बनकर सामने आया है. बिहार में एक वैकल्पिक व्यवस्था के तहत आप 1 रुपए के शुल्क पर भी पीएनजी कनेक्शन प्राप्त कर सकते हैं. आइए जानते हैं इसके लिए घर बैठे कैसे आवेदन कर सकते हैं?

PNG Connection
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 03 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 11:58 AM IST

अमेरिका-इजराइल बनाम ईरान युद्ध के चलते एलपीजी सिलेंडर (LPG Cylinder) मिलने में अभी थोड़ी परेशानी हो रही है. ऐसे में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन एक बेहतर विकल्प बनकर सामने आया है. घरेलू पीएनजी कनेक्शन के लिए आप घर बैठे फ्री में ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. बिहार में एक वैकल्पिक व्यवस्था के तहत आप 1 रुपए के शुल्क पर भी पीएनजी कनेक्शन प्राप्त कर सकते हैं. ऐसे में LPG सिलेंडर का टेंशन छोड़िए और अपने घर में पीएनजी कनेक्शन करा लीजिए. आपको मालूम हो कि पीएनजी सप्लाई में किसी तरह की कोई लिमिट नहीं है. 

बिहार में कौन सी कंपनियां और कहां दे रहीं पीएनजी कनेक्शन 
1. पटना: गेल (GAIL)
2. बांका: एचपीसीएल (HPCL)
3. बेगूसराय: थींक गैस (Think Gas)
4. गयाजी और नालंदा: आईओएजीपीएल (IOAGPL)
5. दरभंगा, सीवान, गोपालगंज, मधुबनी, चंपारण, सीवान, सुपौल, सीतामढ़ी, शिवहर: बीपीसीएल (BPCL)
6. अन्य जिलों में: आईओसीएल (IOCL)

अभी इन शहरों में है पीएनजी की सुविधा 
आपको मालूम हो कि बिहार में अभी कुछ प्रमुख शहरों में पीएनजी की सुविधा उपलब्ध है. पटना, गयाजी, मुजफ्फरपुर, बांका, सीवान, हाजीपुर, दरभंगा, मोतिहारी, बेगूसराय, पूर्णिया, मधुबनी, सीतामढ़ी, सुपौल, शिवहर, और समस्तीपुर जैसे शहर में पीएनजी सुविधा उपलब्ध है. उपभोक्ता अपने जिले की संबंधित कंपनी की वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं.

घरेलू पीएनजी कनेक्शन के लिए देने होंगे इतने रुपए 
यदि आप घरेलू पीएनजी कनेक्शन लेना चाह रहे हैं तो आपको सिक्योरिटी मनी के रूप में 4500 रुपए (बिना ब्याज, रिफंडेबल) देने होंगे. इसके अलावा एक वैकल्पिक व्यवस्था के तहत आप 500 रुपए रिफंडेबल शुल्क जमा कर प्रतिदिन 1 रुपए के किराया शुल्क पर भी पीएनजी कनेक्शन प्राप्त कर सकते हैं, जिसे बाद में 4500 रुपए के पूर्ण डिपॉजिट में बदला जा सकता है.

पीएनजी कनेक्शन के लिए ये डॉक्यूमेंट्स जरूरी 
पीएनजी कनेक्शन के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी या पासपोर्ट जैसे पहचान पत्र जरूरी होते हैं. एड्रेस के प्रमाण के लिए बिजली बिल, किरायानामा या प्रॉपर्टी टैक्स रसीद आप दे सकते हैं. किराएदारों को मकान मालिक की ओर से NOC भी जमा करनी होती है. इसके साथ ही पासपोर्ट साइज फोटो भी जरूरी है.

पीएनजी कनेक्शन के लिए कैसे करें आवेदन 
1.
पीएनजी कनेक्शन के लिए आप अपने जिले के संबंधित सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. 
2. आवेदन स्वीकृत होने के बाद कंपनी के अधिकारी आपके घर का तकनीकी सर्वेक्षण करेंगे. 
3. गैस कंपनी के तकनीकी स्टाफ आपके घर का सर्वे कर यह देखते हैं कि पाइपलाइन कहां से लाई जाएगी और इंस्टॉलेशन कैसे होगा.
4. निरीक्षण पूरा होने के बाद इंस्टॉलेशन का काम शुरू होता है.
5. इसमें मुख्य पाइपलाइन से आपके घर तक गैस पाइप बिछाई जाती है.
6. इतना सबकुछ करने के बाद गैस कंपनी के कर्मचारी आपके घर आकर मीटर और अंदरूनी पाइपलाइन फिटिंग का काम पूरा करते हैं.
7. सभी सुरक्षा मानकों के अनुरूप जांच के बाद पीएनजी की आपूर्ति प्रारंभ कर दी जाती है. 

पीएनजी कनेक्शन लेने के फायदे 
पीएनजी कनेक्शन लेने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि आपको उतनी ही गैस का भुगतान करना होता है, जितना आप इस्तेमाल  करते हैं. पीएनजी सप्लाई 24 घंटे होती है. ऐसे में एलपीजी सिलेंडर खत्म होने की टेंशन भी नहीं रहती है. पीएनजी सुरक्षित और एलपीजी से किफायती भी है. एलपीजी की तुलना में पीएनजी से हर महीने 300 से 400 रुपए तक की बचत हो सकती है. इसकी वजह यह है कि पीएनजी की ऊर्जा क्षमता अधिक होती है और बिल मीटर के हिसाब से आता है. पीएनजी सुरक्षा के लिहाज से भी बेहतर है क्योंकि यह हवा से हल्की होती है और रिसाव होने पर जल्दी फैल जाती है. एलपीजी की तुलना में पीएनजी कम प्रदूषण फैलाती है. इससे घर के अंदर की हवा साफ रहती है.

 

Read more!

RECOMMENDED