scorecardresearch

Bihar ki Litti-Chokha: घर पर बनाएं बिहार जैसी सत्तू की लिट्टी और चोखा, यहां से नोट कर लें बनाने का स्टेप-बाय-स्टेप तरीका, खाकर कहेंगे वाह

Sattu ki Litti: बिहार की सत्तू की लिट्टी और चोखा देश ही नहीं बल्कि विदेश में भी काफी लोकप्रिय है. यदि आप अपने घर पर बिहारी जैसी स्वाद वाली सत्तू की लिट्टी और चोखा बनाना चाहते हैं तो ये रेसिपी आपके लिए एकदम सही है. हम आपको बता रहे हैं सत्तू की लिट्टी और चोखा बनाने की रेसिपी.

Litti-Chokha Litti-Chokha

बिहार में खाने के लिए वैसे तो एक से बढ़कर एक पकवान हैं लेकिन यहां की सत्तू की लिट्टी और चोखा का स्वाद लाजवाब है. बिहार की सत्तू की लिट्टी और चोखा आज देश ही नहीं बल्कि विदेश में भी काफी लोकप्रिय है.

बिहार की लिट्टी-चोखा सिर्फ एक पकवान नहीं है बल्कि यह बिहार की संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है. यदि आप अपने घर पर बिहारी जैसी स्वाद वाली सत्तू की लिट्टी और चोखा बनाना चाहते हैं तो ये रेसिपी आपके लिए एकदम सही है. हम आपको बता रहे हैं सत्तू की लिट्टी और चोखा बनाने की सबसे आसान विधि. सत्तू की लिट्टी खाने में तो स्वादिष्ट लगती ही है, यह पौष्टिक भी होती है. सत्तू प्रोटीन और फाइबर से भरपूर होता है. 

सत्तू की लिट्टी बनाने के लिए सामग्री 
1.
भुने हुए चने का सत्तू 
2. गेहूं का आटा
3. बारीक कटे प्याज, लहसुन, अदरक और हरी मिर्च
4. अजवाइन और कलौंजी
5. आम या लाल मिर्च के अचार का मसाला 
6. सरसों का तेल
7. शुद्ध देसी घी
8. बारीक कटा हरा धनिया 
9. स्वादानुसार नमक
10. अजवाइन
11. नींबू का रस
12. अचार का मसाला 

सत्तू की लिट्टी बनाने की विधि
1. सबसे पहले लिट्टी के लिए आटा करें तैयार
सत्तू की लिट्टी के लिए सबसे पहले गेहूं का आटा लेना होता है. अब इस आटा में थोड़ा सा नमक और एक-दो चम्मच घी या तेल मिलाएं. इसके बाद पानी की मदद से सख्त आटा गूंथ लें. ध्यान रखें आटा ज्यादा नरम नहीं होना चाहिए. अब गूंथे हुए आटे को कुछ देर ढककर रख दें ताकि वह अच्छी तरह सेट हो जाए.

ऐसे तैयार करें सत्तू की लिट्टी के लिए मसाला 
आटा गूंथ लेने के बाद लिट्टी के अंदर भरने वाले मसाले यानी सत्तू के मिश्रण की तैयार करने की बारी आती है. सबसे पहले एक बड़े बर्तन में सत्तू लें और उसमें बारीक कटा हुआ प्याज, हरी मिर्च, अदरक, लहसुन, हरा धनिया मिलाएं. स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें अजवाइन, नींबू का रस, अचार का मसाला और नमक डालें. कुछ लोग इसमें सरसों का तेल भी मिलाते हैं. सरसों का तेल और अचार का मसाला इसे बिहारी टच देता है. अब इस मिश्रण को जरा सा पानी डालकर अच्छी तरह से मिला लें. आटा में भरने के लिए इस मसाला का ऐसा तैयार करें कि यह सूखा भी न रहे और ज्यादा गीला भी न हो ताकि सत्तू अच्छी तरह बंध सके. अब गूंथे हुए आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें. उसमें सत्तू का मिश्रण भरें. फिर इसे चारों तरफ से बंद करके गोल बना लें. ध्यान रखें कि सत्तू बाहर न निकले.

ऐसे आंच पर पकाएं सत्तू की लिट्टी
वैसे तो सत्तू की लिट्टी को उपले (गोबर के कंडे) या कोयले की आंच पर पकाया जाता है, जिससे इसमें एक खास धुआं वाला स्वाद आता है. हालांकि आप घर पर इसे ओवन, गैस तंदूर या कढ़ाही में भी बना सकते हैं. यदि आप ओवन का इस्तेमाल कर रहे हैं तो 180 डिग्री सेल्सियस पर पहले से गर्म कर लें और लिट्टी को 20-25 मिनट तक बेक करें. बीच-बीच में इन्हें पलटते रहें ताकि सभी तरफ से अच्छी तरह पक जाएं. यदि गैस पर बनाना है तो आप एक मोटी तली की कढ़ाही में नमक डालकर उसे गर्म करें और उसके ऊपर सत्तू की लिट्टी रखकर ढक दें. धीमी आंच पर लिट्टियों को पलट-पलट कर तब तक सेकें जब तक कि उन पर सुनहरे भूरे धब्बे न पड़ जाएं और उनमें दरारें न आने लगें. अब सत्तू की लिट्टी को निकालकर घी में डुबो दें. इससे उसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है. इस तरह से सत्तू की लिट्टी खाने के लिए तैयार है.

आलू-बैंगन और टमाटर का चोखा बनाने की विधि
सत्तू की लिट्टी को चोखा के साथ परोसा जाता है. चोखा बनाने के लिए आलू, बैंगन और टमाटर को आग पर भून लें. आग पर भूनकर चोखा बनाने से इसमें सोंधापन आता है. हालांकि आप गैस पर भी चोखा बना सकते हैं. बैंगन के बीच में चीरा लगाकर चेक कर लें और उसमें लहसुन की कलियां फंसा दें. अब इन्हें गैस की आंच या कंडे की आग पर भूनें. फिर आलू, बैंगन और टमाटर का छिलका हटाकर इन्हें मैश करें. इसमें बारिक कटी प्याज, हरी मिर्च, लहसुन, सरसों का तेल, नमक और हरा धनिया मिलाएं. इन सभी सामग्रियों को एक साथ हाथों से अच्छी तरह मैश करें. इस तरह से सत्तू की लिट्टी के साथ चोखा खाने के लिए तैयार है. परोसने के लिए गर्मागर्म लिट्टी को हल्का तोड़ें और उसमें थोड़ा घी डालें. साथ में चोखा, प्याज और हरी चटनी परोसें. इस सत्तू की लिट्टी-चोखा को एक बार खाने के बाद आप इसे बार-बार खाना चाहेंगे.