Advertisement

FSDA Action in Saharanpur: अब बिना एक्सपायरी पर्ची के नहीं बिकेगी मिठाई, ग्राहकों को मिलेगी ताजी और सुरक्षित गुणवत्ता की जानकारी

सहारनपुर में एफएसडीए के नए आदेश के तहत मिठाई की दुकानों पर काउंटर पर रखी मिठाइयों की मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट की पर्ची लगाना अनिवार्य कर दिया गया है. पारदर्शी पैकिंग और तारीख तय होने से ग्राहकों को मिठाई की ताजगी जांचने में आसानी हो रही है, जिसे सभी ने सराहा है.

राहुल कुमार
  • सहारनपुर,
  • 15 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 6:37 PM IST

सहारनपुर में मिठाई की दुकानों पर एफएसडीए के नए आदेश का असर देखने को मिल रहा है. अब मिठाई की दुकानों में काउंटर पर रखी मिठाइयों के साथ उनकी मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट की जानकारी देना जरूरी किया गया है. इसी को लेकर जब मिठाई की दुकानों पर पहुंचकर पड़ताल की गई, तो कई दुकानों पर मिठाइयों के सामने पर्चियां लगी हुई दिखाई दीं. इन पर्चियों पर मिठाई बनने और उसके इस्तेमाल की अंतिम तारीख लिखी गई थी. इससे ग्राहकों को मिठाई खरीदने से पहले ही उसकी ताजगी और गुणवत्ता के बारे में जानकारी मिल सकेगी.

पारदर्शी पैकिंग में भी रखी जा रही हैं मिठाइयां
दुकानों पर मिठाइयों के काउंटर के साथ पर्चियां लगाने के अलावा कुछ जगहों पर मिठाइयों को पारदर्शी पैकिंग में भी रखा गया है. इससे ग्राहकों को मिठाई देखने और उसके बारे में जानकारी हासिल करने में आसानी हो रही है. दुकानदारों का कहना है कि एफएसडीए का यह आदेश काफी अच्छा है. इससे न केवल ग्राहकों को फायदा होगा, बल्कि दुकानदारों को भी अपनी दुकानों में रखी मिठाइयों की समय-सीमा का पता चलता रहेगा. अगर कोई मिठाई एक्सपायरी के करीब पहुंच रही है, तो उसे समय रहते काउंटर से हटाकर उसकी जगह ताजी मिठाई रखी जा सकती है. इससे मिठाइयों की गुणवत्ता बनाए रखने में भी मदद मिलेगी.

ग्राहकों ने भी बताया अच्छा कदम
वहीं, मिठाई खरीदने पहुंचे ग्राहकों ने भी इस व्यवस्था को अच्छा कदम बताया है. ग्राहकों का कहना है कि पहले मिठाई खरीदते समय यह पता लगाना मुश्किल होता था कि मिठाई कितने दिन पहले बनी है और उसे कितने समय तक इस्तेमाल किया जा सकता है. लेकिन अब मिठाइयों के सामने मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट लिखे होने से खरीदारी करना आसान होगा. ग्राहक मिठाई खरीदने से पहले उसकी तारीख देखकर तय कर सकेंगे कि उसे घर में कितने समय तक रखा जा सकता है या किसी को उपहार में देना कितना उचित रहेगा. ग्राहकों के मुताबिक, यह आदेश खाद्य सुरक्षा की दिशा में एक अच्छा कदम है. इससे मिठाई की खरीदारी में पारदर्शिता बढ़ेगी और लोगों को जागरूक होकर खरीदारी करने में मदद मिलेगी.
 

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement