Advertisement

पाकिस्तान से आई धूल ने दिल्ली-NCR में बढ़ाया प्रदूषण, घट गई विजिबिलिटी

गुरुवार की सुबह दिल्ली और एनसीआर के लोगों के लिए सांस लेना और भी मुश्किल हो गया. आसमान में छाई धूल की मोटी परत ने न सिर्फ प्रदूषण बढ़ाया बल्कि दृश्यता को भी बुरी तरह प्रभावित किया.

दिल्ली-एनसीआर में धूल भरी आंधी (फाइल फोटो- पीटीआई)
कुमार कुणाल
  • नई दिल्ली ,
  • 15 मई 2025,
  • अपडेटेड 2:39 PM IST
  • पाकिस्तान से चली धूल, तेज हवाओं ने पहुंचाया दिल्ली
  • दिन चढ़ने पर कुछ राहत, लेकिन प्रदूषण बना रहा

गुरुवार की सुबह दिल्ली और इसके आसपास के क्षेत्रों में धूल भरे तूफान के कारण प्रदूषण स्तर अचानक बढ़ गया, जिससे लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. प्रदूषण के साथ ही विजिबिलिटी भी काफी कम दर्ज की गई. भारतीय मौसम विभाग ने अब इस बात की पुष्टि की है कि यह धूल पाकिस्तान के उत्तर भाग से सफर तय करके दिल्ली एनसीआर की ओर आई.

आसमान में छाई धूल की मोटी परत 
पंजाब और हरियाणा के ऊपर चलने वाली तेज पश्चिमी हवा ने पाकिस्तान से धूल को लेकर दिल्ली एनसीआर क्षेत्र तक पहुंचाया. इससे आसपास के इलाकों में धूल का एक घना परत छा गया, जो प्रदूषण और दृश्यता दोनों में कमी का कारण बना. ये धूल भरी हवाएं बुधवार की रात से ही चल रही थीं और गुरुवार की सुबह तक बनी रहीं.

IGI एयरपोर्ट पर दृश्यता 4500 मीटर से गिरकर 1200 मीटर तक पहुंची
आईजीआई एयरपोर्ट पर पालम क्षेत्र की बात करें तो वहां बुधवार रात 10 बजे से 11:30 बजे के बीच दृश्यता लगभग 4500 मीटर से गिरकर 1200 मीटर तक आ गई थी. यह अचानक कम दृश्यता मुख्यतः 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चल रही तेज़ हवाओं के कारण हुआ, जिसने धूल को हवा में उड़ा दिया. इसके बाद हवा की गति कुछ कम होकर 3 से 7 किमी प्रति घंटा रह गई, लेकिन धूल का प्रभाव सुबह तक बना रहा और दृश्यता 1200-1500 मीटर तक सीमित रही.

दिन चढ़ने पर कुछ राहत, लेकिन प्रदूषण बना रहा
हालांकि दिन चढ़ते ही धूल पूर्व की ओर बढ़ गई है और पालम क्षेत्र में दृश्यता में सुधार हुआ, फिर भी अचानक आए इस प्रदूषण से निपटना सरकार के लिए चुनौतीपूर्ण बना रहा. गुरुवार को विरोधी आम आदमी पार्टी ने भी दिल्ली की भाजपा सरकार को मई महीने में आए इस प्रदूषण को लेकर खूब घेरा. लेकिन दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने जवाब दिया की आम आदमी पार्टी मौसम की वजह से आए इस प्रदूषण पर भी सियासत करने से बाज नहीं आ रही है.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement