EPFO E-Nomination Process: PF अकाउंट में नॉमिनी कैसे जोड़ें? जानें स्टेप बाय स्टेप प्रोसेस

अगर आप अपने पीएफ अकाउंट में नॉमिनी का नाम नहीं जोड़ते हैं, तो आपको पीएफ का पैसा निकालने में दिक्कत आ सकती है. जानें कैसे जोड़ सकते हैं आप अपने पीएफ खाते में नॉमिनी का नाम.

पीएफ अकाउंट में नॉमिनी का नाम जोड़ने का प्रोसेस
अमृता सिन्हा
  • नई दिल्ली,
  • 12 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 2:01 PM IST

EPF अकाउंट कर्मचारियों के लिए सबसे जरूरी पूंजी है. ये वह भविष्य निधि सेविंग स्कीम है, जो आर्थिक तौर पर रिटायरमेंट के बाद कर्मचारियों को फायदा पहुंचाती है. अगर आपका EPF (Employee Provident Fund) अकाउंट है और आपने अभी तक उसमें नॉमिनी नहीं जोड़ा है, तो यह काम जल्द से जल्द पूरा कर लें. किसी तरह की आपात स्थिति में पीएफ की राशि को सही व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए नॉमिनी का नाम EPFO में दर्ज होना बेहद जरूरी है, जिसके लिए अब आपको बार-बार EPFO ऑफिस के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ती है. ये काम आप घर बैठे ऑनलाइन पूरा कर सकते हैं. आइए जानते हैं EPF अकाउंट में नॉमिनी जोड़ने का स्टेप बाय स्टेप आसान प्रोसेस.

पहले ये जरूरी चीजें रखें तैयार
ऑनलाइन नॉमिनी जोड़ने से पहले कुछ जरूरी जानकारी आपके पास जरूर होनी चाहिए. इसमें आपका UAN (Universal Account Number), लॉगिन पासवर्ड, नॉमिनी का आधार नंबर, जन्मतिथि, पासपोर्ट साइज फोटो और जरूरत पड़ने पर बैंक अकाउंट से जुड़ी जानकारी की जरूरत पड़ सकती है. इन सभी दस्तावेजों के साथ प्रक्रिया आसानी से पूरी हो जाएगी.

सबसे पहले EPFO पोर्टल पर करें लॉगिन
सबसे पहले EPFO की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. यहां 'Services' सेक्शन में जाकर 'For Employees' विकल्प चुनें. इसके बाद 'Member UAN/Online Service (OCS/OTCP)' पर क्लिक करें. अब अपना UAN, पासवर्ड और स्क्रीन पर दिखाई दे रहा कैप्चा कोड दिए गए सेक्शन में भरकर लॉगिन करें.

प्रोफाइल की जानकारी करें वेरिफाई
लॉगिन करने के बाद डैशबोर्ड खुलेगा. यहां ऊपर दिए गए 'View' टैब पर क्लिक करें और 'Profile' विकल्प चुनें. अपनी व्यक्तिगत जानकारी को एक बार अच्छी तरह जांच लें, ताकि आगे की प्रक्रिया में कोई दिक्कत न आए.

E-Nomination विकल्प से शुरू करें प्रक्रिया
अब 'Manage' टैब पर जाएं और 'E-Nomination' पर क्लिक करें. इसके बाद स्क्रीन पर 'Provide Details' का विकल्प दिखाई देगा.

यहां नॉमिनी का आधार नंबर, पूरा नाम, जन्मतिथि, आपके साथ संबंध और जरूरी बैंक अकाउंट की जानकारी दर्ज करें. इसके बाद नॉमिनी की पासपोर्ट साइज फोटो अपलोड करें और 'Save Family Details' पर क्लिक कर दें.

एक से ज्यादा नॉमिनी भी जोड़ सकते हैं
अगर आप एक से अधिक नॉमिनी जोड़ना चाहते हैं, तो 'Add New Row' पर क्लिक करें. सभी नॉमिनी की जानकारी भरने के बाद उनकी हिस्सेदारी (Total Share) प्रतिशत में दर्ज करें. उदाहरण के लिए, यदि एक ही नॉमिनी है तो 100 प्रतिशत, जबकि दो नॉमिनी होने पर आप अपनी सुविधा के अनुसार हिस्सेदारी तय कर सकते हैं. सारी जानकारी भरने के बाद 'Save Nomination' पर क्लिक करें.

OTP से पूरा होगा आखिरी वेरिफिकेशन
अब प्रक्रिया के अंतिम चरण में 'E-sign' विकल्प पर क्लिक करें. आपके आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर एक OTP आएगा. OTP दर्ज करते ही आपका ई-नॉमिनेशन सफलतापूर्वक रजिस्टर हो जाएगा.

EPFO ऑफिस जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी
ऑनलाइन नॉमिनेशन पूरा होने के बाद आपको किसी भी तरह की हार्ड कॉपी EPFO ऑफिस में जमा करने की जरूरत नहीं होती. पूरा रिकॉर्ड डिजिटल रूप से अपडेट हो जाता है. इसलिए अगर आपने अभी तक अपने पीएफ अकाउंट में नॉमिनी नहीं जोड़ा है, तो कुछ मिनट निकालकर यह जरूरी काम जरूर पूरा कर लें.
 

ये भी पढ़ें

 

Read more!

RECOMMENDED