गर्मी का प्रकोप मार्च में ही जारी, कई राज्य प्रभावित... वहीं जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी की चेतावनी

गर्मी की दहशत मार्च के महीने से ही शुरू हो गई है. दिल्ली NCR में दिन का तापमान 30 डिग्री से ज्यादा जा रहा है, वहीं लू और हीट वेव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है.

गर्मी का कहर
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 12 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 7:07 AM IST

मार्च के महीने में ही देश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदलता दिख रहा है. कुछ राज्यों में जहां तापमान लगातार बढ़ रहा है और लू की स्थिति बनने लगी है, वहीं पहाड़ी इलाकों में आंधी-तूफान और बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले कुछ दिनों में अलग-अलग राज्यों में मौसम का अलग असर देखने को मिल सकता है.

तेज गर्मी से बढ़ सकती हैं स्वास्थ्य समस्याएं
गर्मी बढ़ने के साथ-साथ लोगों को स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानियों का खतरा भी बढ़ जाता है. ज्यादा तापमान की वजह से चक्कर आना, थकान, सिरदर्द और लू लगने जैसी समस्याएं हो सकती हैं. 

खासतौर पर बुजुर्गों, बच्चों, बाहर काम करने वाले मजदूरों और पहले से बीमार लोगों को ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है. जिन लोगों को पुरानी बीमारियां हैं, उन्हें तेज गर्मी में ज्यादा देर बाहर नहीं रहने की सलाह मौसम विभाग ने दी है.

हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में 11 और 12 मार्च को मौसम अचानक बदल सकता है. मौसम विभाग द्वारा यहां आंधी-तूफान, तेज हवाएं और बिजली गिरने के साथ बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है.

वहीं जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में 11 मार्च को भारी बारिश या बर्फबारी हो सकती है. इससे पहाड़ी इलाकों में ठंड का असर फिर बढ़ सकता है और लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत होगी.

गुजरात में जारी रह सकती है भीषण गर्मी
बाकी और पश्चिम भारत के राज्यों में गर्मी का तेज असर ज्यादा देखने को मिल रहा है. खासकर गुजरात में 11 से 13 मार्च के बीच भीषण गर्मी या लू जैसी स्थिति बने रहने की संभावना जताई गई है.

मौसम विभाग का अनुमान है कि इन दिनों तापमान सामान्य से ज्यादा रह सकता है. हालांकि इसके बाद तापमान में थोड़ी गिरावट आने की उम्मीद भी जताई जा रही है.

इन बातों का रखें खास ध्यान
गर्मी के मौसम में स्वास्थ्य को सुरक्षित रखना बहुत जरूरी होता है. विशेषज्ञों की सलाह है कि लोग दोपहर की तेज धूप में बाहर निकलने से बचें. अगर बाहर जाना जरूरी हो तो सिर ढककर निकलें और भारी मात्रा में पानी पीते रहें.

इसके अलावा ढीले कपड़े पहनना भी फायदेमंद होता है, खासकर सूती कपड़े शरीर को ठंडा रखने में मदद करते हैं. निर्माण, परिवहन और कृषि जैसे क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को भीषण गर्मी के दौरान समय-समय पर आराम करना चाहिए और छायादार जगहों पर रुककर शरीर को ठंडा रखना चाहिए, जिससे लू या हीट वेव का असर उनपर न हो. 

 

ये भी पढ़ें 

 

Read more!

RECOMMENDED