Advertisement

Jhansi News: सोचा था वीडियो देख लोग होंगे दीवाने, लेकिन स्टंट ने पहुंचाया अस्पताल, दोनों पैर गए टूट

लोगों के सिर सोशल मीडिया पर स्टंट कर वीडियो डालने का शौक ऐसा चढ़ा है कि वह अपनी जान की भी फिक्र नहीं करते. ऐसा ही एक हादसा झांसी में हुआ जहां स्टंट करने के चक्कर में युवक के दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए.

चोट लगने के बाद पुष्पेंद्र कुमार मनौरिया
अजय झा
  • झांसी,
  • 07 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 1:20 PM IST

झांसी में सोशल मीडिया पर रील बनाने का जुनून एक युवक को भारी पड़ गया. स्टंट के लिए करीब 30 फीट ऊंची जगह से बांध में छलांग लगाने वाला युवक पानी की गहराई कम होने के कारण नीचे मौजूद चट्टान से जा टकराया. हादसे में उसके दोनों पैर बुरी तरह घायल हो गए और फ्रैक्चर हो गया. घटना के दौरान उसके दोस्त मोबाइल से पूरा वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे. 

हादसे के बाद घायल युवक को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक पैर में दो रॉड डाली गई हैं, जबकि दूसरे पैर का ऑपरेशन होना है. घटना झांसी के रक्सा थाना क्षेत्र स्थित पहूज बांध की बताई जा रही है.

रेलिंग फांदकर लगाई छलांग, स्टंट बदला हादसे में

रक्सा थाना क्षेत्र के परवाई गांव निवासी 32 वर्षीय पुष्पेंद्र कुमार मनौरिया रविवार शाम अपने कुछ दोस्तों के साथ पहूज बांध घूमने गया था. बताया गया कि वहां दोस्तों के साथ रील बनाने के दौरान पुष्पेंद्र बांध के बाईं तरफ बने व्यू पॉइंट पर पहुंच गया. इस जगह सेफ्टी के लिए रेलिंग लगी हुई थी.

वीडियो में दिखाई देता है कि पुष्पेंद्र रेलिंग पार करने के बाद छलांग लगाने की तैयारी करता है. दूसरी तरफ खड़े उसके दोस्त मोबाइल कैमरे से उसका वीडियो बना रहे थे. माहौल में दोस्तों की हंसी-मजाक के बीच एक दोस्त यह कहते हुए सुनाई देता है कि भगवान तेरी आत्मा को शांति दी. इसके कुछ ही देर बाद पुष्पेंद्र करीब 30 फीट की ऊंचाई से बांध के अंदर छलांग लगा देता है. लेकिन स्टंट कुछ ही सेकंड में हादसे में बदल जाता है.

जिसे समझा पानी, वह निकली चट्टानी सतह

बताया गया कि जिस स्थान पर पुष्पेंद्र नीचे गिरा, वहां पानी की गहराई काफी कम थी और नीचे चट्टानी सतह मौजूद थी. छलांग के दौरान उसके दोनों पैर सीधे नीचे जाकर चट्टान से टकरा गए. जोरदार चोट लगने से दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गया.

चोट लगने के बाद पुष्पेंद्र के लिए पानी से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया. उसके पैर काम नहीं कर रहे थे और वह पानी में डूबने लगा. बताया गया कि उसने अपने पैरों को हाथों से पकड़कर संभालने की कोशिश की. इसके बाद किसी तरह हाथों के सहारे तैरते हुए उसने वहां लगी सरिया को पकड़ा और बाहर निकलने का प्रयास किया. आसपास मौजूद लोगों ने स्थिति देखी तो किसी तरह युवक को पानी से बाहर निकाला. जिसके बाद अस्पताल पहुंचाया गया.

एक पैर में डली दो रॉड, दूसरे का भी होगा ऑपरेशन

पुष्पेंद्र ने बताया कि वह स्टंट करने के दौरान ऊपर से पानी में कूदा था, लेकिन उसे अंदाजा नहीं था कि नीचे पानी की गहराई इतनी कम है. जैसे ही उसके पैर नीचे की सतह से टकराए, दोनों पैरों में गंभीर चोट लग गई. पुष्पेंद्र ने बताया कि उसके एक पैर में चोट अधिक गंभीर है, जिसके ऑपरेशन के दौरान दो रॉड डाली गई हैं. दूसरे पैर का भी ऑपरेशन किया जाना है.

हादसे के बाद बोला, अब कभी नहीं करूंगा ऐसा स्टंट

पुष्पेंद्र के मुताबिक वह पहले भी कई बार अलग-अलग जगहों पर स्टंट कर चुका था. उसे लगता था कि वह आसानी से ऐसा कर सकता है, लेकिन इस बार कुछ ही सेकंड की लापरवाही ने उसे अस्पताल पहुंचा दिया.

हादसे के बाद पुष्पेंद्र ने माना कि जान जोखिम में डालकर सोशल मीडिया के लिए स्टंट करना बेहद खतरनाक है. उसका कहना है कि इस घटना के बाद उसे अपनी गलती का एहसास हुआ है और अब वह दोबारा इस तरह की स्टंटबाजी नहीं करेगा.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement