वाराणसी में 21 अक्टूबर को गंगा के ऊपर भारतीय वायुसेना के एयर शो की ग्रैंड रिहर्सल हुई. नमो घाट से अस्सी घाट तक लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों की गतिविधियों ने लोगों का ध्यान खींचा. आसमान में राफेल, सुखोई और तेजस जैसे विमानों की गर्जना सुनाई दी, वहीं सारंग हेलीकॉप्टर टीम के करतबों ने दर्शकों में उत्साह भर दिया. गंगा में चल रहे क्रूज पर हेलीकॉप्टर से जवानों का रस्सियों के सहारे उतरना और युद्ध कौशल का प्रदर्शन करना भी अभ्यास का खास आकर्षण रहा. भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर होने वाले इस कार्यक्रम को 'विंग्स ओवर गंगा' नाम दिया गया है. इसका मकसद वायुसेना की ताकत और आधुनिक तकनीक दिखाने के साथ युवाओं को देशसेवा, अनुशासन और विमानन क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित करना भी है.
नमो घाट से अस्सी घाट तक दिखे वायुसेना के करतब
रिहर्सल के दौरान गंगा किनारे बड़ी संख्या में लोग जुटे. नमो घाट पर अभ्यास देखने के लिए करीब एक हजार स्कूली बच्चे और अन्य दर्शक मौजूद रहे. आसपास के जिलों से भी लोग काशी पहुंचे, ताकि मुख्य आयोजन में संभावित भीड़ से पहले वायुसेना के करतब देख सकें. अभ्यास के दौरान सारंग टीम के हेलीकॉप्टरों ने नमो घाट से अस्सी घाट की ओर उड़ान भरी. नमो घाट के ठीक सामने गंगा की लहरों पर चल रहे क्रूज पर हेलीकॉप्टर से जवानों का उतरना भी दर्शकों के लिए खास अनुभव रहा.
रस्सियों के सहारे क्रूज पर उतरे जवान
हेलीकॉप्टर से रस्सियों के सहारे जवानों का क्रूज पर उतरना और वहां युद्ध कौशल दिखाना अभ्यास का अहम हिस्सा रहा. इस प्रदर्शन में जवानों के बीच सटीक तालमेल और कठिन परिस्थितियों में काम करने की क्षमता देखने को मिली. इसने वायुसेना की तैयारी और अभियान के दौरान अपनाई जाने वाली कार्यशैली की झलक भी पेश की.
राफेल, सुखोई से लेकर स्वदेशी तेजस तक होंगे शामिल
एयर शो में राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, मिराज-2000, मिग-29, जगुआर और स्वदेशी तेजस सहित कई लड़ाकू विमानों के शामिल होने की जानकारी दी गई है. इनके साथ सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर प्रदर्शन टीम भी अपने करतब दिखाएंगी. इस आयोजन में कुल 100 विमान शामिल रहेंगे. इनमें 52 लड़ाकू विमान, 32 हेलीकॉप्टर, 15 परिवहन विमान और एक ऐतिहासिक विमान शामिल हैं. इतने बड़े स्तर पर होने वाला यह प्रदर्शन भारतीय वायुसेना की तकनीकी क्षमता और हवाई कौशल को सामने लाएगा.
22, 24 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित है मुख्य एयर शो
वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के मौके पर आयोजित 'विंग्स ओवर गंगा' का मुख्य एयर शो 22, 24 और 25 अक्टूबर को नमो घाट पर प्रस्तावित है. कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी शामिल होने की जानकारी दी गई है. वह 25 अक्टूबर को दोपहर करीब 1 बजे एयर शो में शिरकत करने पहुंचेंगे.
बच्चों और युवाओं में दिखा खास उत्साह
रिहर्सल देखने पहुंचे बच्चे और युवा विमानों तथा हेलीकॉप्टरों के प्रदर्शन से काफी उत्साहित नजर आए. गंगा, काशी के ऐतिहासिक घाटों और आधुनिक सैन्य विमानन का यह संगम उन्हें भारतीय वायुसेना की कार्यशैली, तकनीकी क्षमता और राष्ट्रसेवा के अवसरों को करीब से समझने का मौका दे रहा है. इस आयोजन से युवा केवल वायुसेना ही नहीं, बल्कि जल और थल सेना में सेवा देने के लिए भी प्रेरित हुए. सारंग हेलीकॉप्टर स्क्वाड्रन की लीडर अंकिता सिंह ने बताया कि एयर शो से लोग काफी प्रभावित और प्रेरित हुए हैं, जो अच्छी बात है.
ये भी पढ़ें