अगर आप भी ज्योतिर्लिंग के दर्शन करने के इच्छुक हैं, तो आईआरसीटीसी आपके लिए एक आकर्षक पैकेज लेकर आया है. इस यात्रा में ज्योतिर्लिंग के साथ-साथ दक्षिण भारत के कई बड़े धार्मिक और पर्यटन स्थलों को एक ही टूर में कवर किया जाएगा. भारत गौरव पर्यटक ट्रेन से होने वाली यह यात्रा तिरुपति, रामेश्वरम, मदुरै, कन्याकुमारी और मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग तक ले जाएगी. खास बात यह है कि पैकेज में ट्रेन यात्रा के साथ ठहरने, भोजन, स्थानीय परिवहन और यात्रा बीमा जैसी सुविधाएं भी कम बजट के साथ शामिल हैं.
12 दिन की होगी पूरी यात्रा
आईआरसीटीसी का यह टूर 'दक्षिण भारत यात्रा विद ज्योतिर्लिंग, एक्स-सहरसा' नाम से शुरू किया जा रहा है. इसका पैकेज कोड EZBG33 है. यात्रा की अवधि 11 रात और 12 दिन की होगी और यह यात्रा 12 सितंबर 2026 से 23 सितंबर 2026 तक चलेगी. यात्रा भारत गौरव पर्यटक ट्रेन से होगी, जिसमें आप अपनी सुविधा के हिसाब से स्लीपर, 3एसी और 2एसी क्लास में बुकिंग करवा सकते हैं.
किन-किन जगहों के होंगे दर्शन?
इस पैकेज में यात्रियों को तिरुपति बालाजी और पद्मावती मंदिर, रामेश्वरम का रामनाथ स्वामी ज्योतिर्लिंग, मदुरै का मीनाक्षी मंदिर, कन्याकुमारी मंदिर और विवेकानंद रॉक के साथ मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे. यानी धार्मिक आस्था के साथ दक्षिण भारत के प्रमुख पर्यटन स्थलों को देखने का भी मौका मिलेगा.
कितना है पैकेज का किराया?
पैकेज की कीमत प्रति व्यक्ति है और इसमें जीएसटी शामिल है. इकोनॉमी क्लास का किराया 24,590 रुपए, स्टैंडर्ड का 44,730 रुपए और कंफर्ट क्लास का 54,300 रुपए है. रेलवे की भारत गौरव ट्रेन योजना के तहत करीब 33 प्रतिशत की रियायत भी इस कीमत में शामिल है.
किन जगहों से ट्रेन पकड़ सकते हैं?
यात्रियों के लिए बोर्डिंग और डी-बोर्डिंग की सुविधा सहरसा, सुपौल, निर्मली, झंझारपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, पटना, बख्तियारपुर, मोकामा, किऊल, जसीडीह, आसनसोल और पुरुलिया से रखी गई है. इस ट्रेन में कुल 662 सीटें हैं, जिनमें 448 स्लीपर, 172 सीटें 3एसी और 42 सीटें 2एसी की हैं.
तिरुपति से शुरू होगा दर्शन का सिलसिला
14 सितंबर को ट्रेन रेणिगुंटा पहुंचेगी और यात्रियों को होटल ले जाया जाएगा. इसके बाद तिरुपति बालाजी के दर्शन के लिए समय मिलेगा. 15 सितंबर को भी पूरा दिन तिरुपति दर्शन के लिए रखा गया है. 16 सितंबर को दोपहर के भोजन के बाद ट्रेन रामेश्वरम के लिए रवाना होगी.
रामेश्वरम और मदुरै में क्या होगा?
17 सितंबर को रामेश्वरम पहुंचकर होटल में ठहरने के बाद रामनाथ स्वामी मंदिर में भगवान शिव के दर्शन कराए जाएंगे. 18 सितंबर को रामेश्वरम से मदुरै के लिए रवाना होंगे. मदुरै पहुंचने के बाद मीनाक्षी मंदिर के दर्शन होंगे और फिर रात की ट्रेन से आगे की यात्रा होगी.
कन्याकुमारी और मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग भी शामिल
19 सितंबर को कन्याकुमारी पहुंचकर गांधी मंडपम, कन्याकुमारी मंदिर और विवेकानंद रॉक देखने का मौका मिलेगा. इसके बाद 21 सितंबर को मार्कापुर रोड पहुंचकर मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे. दर्शन के बाद यात्री वापस रेलवे स्टेशन के लिए रवाना होंगे.
पैकेज में क्या-क्या मिलेगा?
पैकेज में ट्रेन यात्रा, तय कार्यक्रम के अनुसार होटल में रात का ठहराव, वॉश एंड चेंज और स्थानीय परिवहन शामिल है. इकोनॉमी में स्लीपर, स्टैंडर्ड में 3एसी और कंफर्ट में 2एसी ट्रेन यात्रा होगी. होटल में इकोनॉमी के लिए नॉन-एसी और बाकी दोनों श्रेणियों में एसी कमरे दिए जाएंगे. स्टैंडर्ड और कंफर्ट में एसी वाहन की सुविधा रहेगी.
इसके अलावा सुबह की चाय, नाश्ता, दोपहर और रात का शाकाहारी भोजन, दुर्घटना यात्रा बीमा, टूर एस्कॉर्ट, ट्रेन में सुरक्षा, पूरे सफर में आईआरसीटीसी टूर मैनेजर और लागू टैक्स भी पैकेज में शामिल हैं.
किन चीजों के लिए अलग से देना होगा पैसा?
स्मारक प्रवेश शुल्क, बोटिंग, एडवेंचर स्पोर्ट्स, स्थानीय गाइड, अतिरिक्त दर्शनीय स्थल, रूम सर्विस और ड्राइवर या गाइड की टिप पैकेज में शामिल नहीं है. निजी खर्च जैसे लॉन्ड्री, मिनरल वाटर और तय मेन्यू के अलावा खाने-पीने का खर्च भी यात्री को खुद उठाना होगा. खाने का मेन्यू पहले से तय रहेगा और उसमें विकल्प नहीं मिलेगा.
बुकिंग से पहले इन बातों का रखें ध्यान
सीट और कोच की जानकारी तथा ट्रेन के वास्तविक बोर्डिंग समय की जानकारी यात्रा से दो दिन पहले दी जाएगी. लोअर बर्थ की गारंटी नहीं है. पांच साल या उससे कम उम्र के बच्चे के लिए सरकारी प्रमाणित जन्म प्रमाणपत्र साथ रखना जरूरी है, वरना उसे वयस्क मानकर पूरा किराया लिया जाएगा. मल्लिकार्जुन दर्शन के लिए स्टैंडर्ड क्लास में नॉन-एसी बस की व्यवस्था होगी.
ट्रेन का समय और यात्रा कार्यक्रम संभावित है और रेलवे के संचालन के अनुसार इसमें बदलाव हो सकता है. भारत गौरव ट्रेन का संचालन न्यूनतम बुकिंग पर निर्भर है और अपरिहार्य परिस्थितियों में आईआरसीटीसी यात्रा कार्यक्रम बदल सकता है.
टिकट कैंसिल कराने पर कितना कटेगा?
यात्रा शुरू होने से 15 दिन पहले तक कैंसिलेशन पर 250 रुपए प्रति यात्री कटेंगे. 8 से 14 दिन पहले कैंसिल करने पर 25 प्रतिशत, 4 से 7 दिन पहले 50 प्रतिशत और 4 दिन से कम समय रहने पर पैकेज की 100 प्रतिशत राशि कट जाएगी. यात्रियों को वोटर आईडी या आधार कार्ड और यात्रा से जुड़े जरूरी प्रमाणपत्र साथ रखने की सलाह दी गई है. यात्रियों को टूर मैनेजर के निर्देशों का पालन करने और अपने सामान की सुरक्षा का भी ध्यान रखना होगा. अधिक जानकारी और बुकिंग के लिए सीधे IRCTC की अधिकारिक वेवसाइट पर जा कर पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें