Advertisement

गुजरात में बिजली बिल बकायेदारों पर बड़ी कार्रवाई, 23 करोड़ रुपये बाकी, PGVCL ने शुरू की मेगा डिस्कनेक्शन ड्राइव, कटेंगे कनेक्शन

जामनगर और देवभूमि द्वारका जिले में बिजली बिलों की बकाया राशि वसूलने के लिए पश्चिम गुजरात विज कंपनी लिमिटेड (PGVCL) द्वारा मेगा डिस्कनेक्शन ड्राइव शुरू की गई है.

बकाया बिजली बिलों की वसूली के लिए मेगा डिस्कनेक्शन ड्राइव
दर्शन ठक्कर
  • जामनगर,
  • 30 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 8:16 AM IST

गुजरात के जामनगर और देवभूमि द्वारका जिले में बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं पर अब कार्रवाई तेज कर दी गई है. पश्चिम गुजरात विज कंपनी लिमिटेड (PGVCL) ने दोनों जिलों में बकाया बिजली बिलों की वसूली के लिए मेगा डिस्कनेक्शन ड्राइव शुरू की है. दोनों जिलों में करीब 23 करोड़ रुपये के बिजली बिल बकाया हैं. ऐसे में विभाग ने बकायेदार उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटने और जरूरत पड़ने पर मीटर उतारने की कार्रवाई शुरू कर दी है.

39 सब-डिवीजन में टीमें फील्ड में उतरीं
PGVCL के मुताबिक जामनगर और देवभूमि द्वारका जिले के तहत कुल 39 सब-डिवीजन आते हैं. इन सभी जगहों पर बड़ी संख्या में टीमें फील्ड में उतारी गई हैं. ये टीमें बकाया बिजली बिल की वसूली के साथ-साथ भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने की कार्रवाई कर रही हैं. यह अभियान खास तौर पर उन उपभोक्ताओं के खिलाफ चलाया जा रहा है, जिन्होंने दो महीने से लेकर एक साल तक बिजली का बिल जमा नहीं किया है. विभाग ने ऐसे उपभोक्ताओं से जल्द से जल्द बकाया राशि जमा करने की अपील की है.

75 हजार बकायेदारों पर पहले भी हुई कार्रवाई
PGVCL ने इससे पहले भी करीब 75 हजार बकायेदार उपभोक्ताओं के खिलाफ वसूली अभियान चलाया था. इस दौरान करीब 20 हजार उपभोक्ताओं ने अपने बकाया बिजली बिल जमा किए. इससे विभाग को लगभग 10 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई. हालांकि, इसके बाद भी जामनगर और देवभूमि द्वारका में करीब 23 करोड़ रुपये की बकाया राशि बाकी है. इसी को देखते हुए PGVCL ने अब मेगा डिस्कनेक्शन ड्राइव को तेज कर दिया है.

ऑनलाइन और कैश से कर सकते हैं भुगतान
PGVCL ने उपभोक्ताओं के लिए बकाया बिजली बिल जमा करने के कई विकल्प उपलब्ध कराए हैं. उपभोक्ता Paytm, डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड के जरिए अपना बिल जमा कर सकते हैं. इसके अलावा PGVCL के कॉर्पोरेट ऑफिस में बने कैश कलेक्शन सेंटर पर जाकर भी बकाया राशि का भुगतान किया जा सकता है.

जामनगर के PGVCL प्रभारी अधीक्षक बी. बी. चौहान ने लोगों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपने बकाया बिल का भुगतान करें. उन्होंने कहा कि अभियान के तहत फील्ड में टीमें मौजूद हैं और भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे जा सकते हैं. विभाग का कहना है कि समय पर भुगतान करने से उपभोक्ता बिजली कनेक्शन कटने की कार्रवाई से बच सकते हैं.

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement