Advertisement

Jhansi Dispute Incident: 6 साल की बेटी ने बयां किया आंखों देखा खौफनाक मंजर, बोली- 'पापा ने मम्मी को खदान में धक्का दिया और फिर...'

उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद पति शंकर आदिवासी ने अपनी पत्नी गिरजा को पानी से भरी बंद खदान में धक्का दे दिया और खुद भी कूद गया. डूबने से दोनों की मौत हो गई. 6 साल की मासूम बेटी के सामने हुई इस घटना के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

Jhansi Dispute Incident
राकेश कुमार सिंह
  • झांसी,
  • 01 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 7:03 PM IST

उत्तर प्रदेश के झांसी में पति-पत्नी के बीच हुआ झगड़ा एक दर्दनाक हादसे में बदल गया. आरोप है कि विवाद के दौरान पति अपनी पत्नी को घसीटते हुए बंद पड़ी खदान के पास ले गया और उसे पानी में धक्का दे दिया. इसके बाद वह खुद भी खदान में कूद गया. पानी में डूबने से दोनों की मौत हो गई. दंपति की 6 साल की बेटी ने आरोप लगाया है कि उसने अपनी आंखों के सामने पिता को मां को खदान में धक्का देते और फिर खुद कूदते देखा. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव बाहर निकलवाए और पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चरी भेज दिए.

पत्नी को घसीटकर खदान तक ले गया पति
यह मामला झांसी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बिजौली में शनिदेव मंदिर के पास का है. यहां करीब 40 वर्षीय शंकर आदिवासी अपनी 38 वर्षीय पत्नी गिरजा और पांच बच्चों के साथ रहता था. शंकर ट्रैक्टर चालक था. मृतक के भाई सूरज और 6 साल की बेटी रागनी के मुताबिक, शंकर रात में शराब पीकर घर आया था. इसके बाद वह गाली-गलौज करते हुए पत्नी से झगड़ने लगा. परिजनों के अनुसार, दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि शंकर पत्नी गिरजा को घसीटते हुए घर के पास स्थित बंद पड़ी खदान तक ले गया. आरोप है कि वहां उसने गुस्से में पत्नी को खदान में धक्का दे दिया. इसके बाद वह खुद भी खदान में कूद गया. खदान में भरे पानी में डूबने से दोनों की मौत हो गई.

6 साल की बेटी ने बताई आंखों देखी घटना
शंकर और गिरजा की 6 साल की बेटी रागनी ने बताया कि रात में उसके मम्मी-पापा के बीच झगड़ा हुआ था. पापा मम्मी को घसीटते हुए खदान तक ले गए. वहां उन्होंने पहले मम्मी को खदान में धक्का दिया और फिर खुद भी पानी में कूद गए. इसके बाद क्या हुआ, उसे कुछ पता नहीं है.

वहीं, मृतक के भाई सूरज ने बताया कि वह काम करने के बाद घर गया था. खाना खाने के बाद वह सो गया. उसे यह जानकारी नहीं है कि शंकर और गिरजा के बीच किस बात को लेकर झगड़ा हुआ था. बाद में उसे दोनों के बीच विवाद होने और उनके शव खदान में मिलने की जानकारी मिली.

खदान में शव उतराते देख परिजनों ने पुलिस को दी सूचना
सुबह परिजनों ने खदान के पानी में दोनों के शव उतराते हुए देखे. इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू कर दोनों शवों को पानी से बाहर निकलवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चरी भेज दिया. 

अपर पुलिस अधीक्षक सिमरन सिंह ने बताया कि प्रेमनगर थाने की बिजौली चौकी पुलिस को सोना नाम की महिला ने सूचना दी थी. उन्होंने बताया था कि उनका बेटा शंकर और बहू गिरजा घर के पास स्थित खदान में मिले हैं. प्रथम दृष्टया दोनों की मौत पानी में डूबने से हुई है. पुलिस ने दोनों शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चरी भेज दिया है.
 

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement