Advertisement

'बच्चों के कर्मों के लिए परिवार को दोष नहीं दे सकते...' केतन हत्याकांड पर बोलीं कंगना- आज लोग कई तरह की जिंदगी जी रहे हैं

26 वर्षीय कारोबारी केतन अग्रवाल की 18 जून को पुणे के लोहागढ़ किले की करीब 400 फीट गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई थी. शुरुआत में इसे ट्रेकिंग के दौरान हुआ हादसा माना गया.

Kangana Ranaut
gnttv.com
  • नई दिल्ली ,
  • 26 जून 2026,
  • अपडेटेड 5:53 PM IST

पुणे के लोहागढ़ किले पर केतन अग्रवाल की हत्या का मामला लगातार चर्चा में है. इस बीच अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. कंगना ने कहा कि बच्चों के किए गए कर्मों के लिए उनके परिवार या माता-पिता को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता. उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि आज के समय में बच्चों की सोच और व्यवहार पर सोशल मीडिया, AI और दोस्तों का कितना असर पड़ रहा है.

'परिवार देखकर बच्चों के संस्कार नहीं समझे जा सकते'
कंगना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा कि आज के दौर में केवल परिवार, घर या माता-पिता को देखकर यह नहीं कहा जा सकता कि बच्चों के संस्कार कैसे होंगे. उनके मुताबिक, यह ज्यादा जरूरी है कि बच्चे किसके साथ समय बिताते हैं, कौन उन्हें प्रभावित कर रहा है और सोशल मीडिया, AI या वास्तविक जीवन में उनके रोल मॉडल कौन हैं.

उन्होंने कहा कि आज लोग एक साथ कई तरह की जिंदगी जी रहे हैं. सोशल मीडिया पर अपनी एक अलग छवि बनाते हैं, जबकि वास्तविक जीवन उससे बिल्कुल अलग हो सकता है. इसलिए किसी बच्चे के गलत काम के लिए पूरे परिवार को दोष देना सही नहीं है.

कैसे हादसे से हत्या तक पहुंची जांच
26 वर्षीय कारोबारी केतन अग्रवाल की 18 जून को पुणे के लोहागढ़ किले की करीब 400 फीट गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई थी. शुरुआत में इसे ट्रेकिंग के दौरान हुआ हादसा माना गया. पुलिस को बताया गया था कि फोटो खिंचवाते समय केतन का पैर फिसल गया और वह खाई में गिर गया. लेकिन जांच आगे बढ़ने पर मामला पूरी तरह बदल गया. पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें 33 डिग्री तापमान के बावजूद हुडी पहनकर एक युवक को केतन और उसकी मंगेतर का पीछा करते देखा गया. बाद में उसकी पहचान 22 वर्षीय चेतन चौधरी के रूप में हुई.

मंगेतर और प्रेमी पर हत्या की साजिश का आरोप
पुलिस जांच के मुताबिक, केतन की मंगेतर सिया गोयल और चेतन चौधरी पहले से एक-दूसरे के संपर्क में थे. दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है. जांच में यह भी दावा किया गया कि सिया शादी तोड़ना नहीं चाहती थी, क्योंकि इससे उसके परिवार की बदनामी होती. पुलिस का आरोप है कि सिया पिछले कई हफ्तों से केतन को लोहागढ़ किले पर चलने के लिए कह रही थी. जांच एजेंसियों का मानना है कि 18 जून को पहले से बनाई गई योजना के तहत इस वारदात को अंजाम दिया गया.

दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में
फिलहाल सिया गोयल और चेतन चौधरी पुलिस हिरासत में हैं. पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और मामले के हर पहलू की जांच जारी है. इस केस में सामने आ रहे नए खुलासों ने इसे देशभर में चर्चा का विषय बना दिया है.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement