wife affair allegation (Photo: representational image)
wife affair allegation (Photo: representational image)
उत्तर प्रदेश के बागपत में शादी के महज चार महीने बाद एक युवक की आत्महत्या का मामला सामने आया है. मृतक के परिजनों ने पत्नी, उसके परिवार और कुछ अन्य लोगों पर मानसिक प्रताड़ना देने, समझौते के नाम पर पैसे वसूलने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने मामले में पत्नी समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है.
परिजनों के अनुसार आदर्श गली निवासी दीपक की शादी 10 मार्च 2026 को सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के जफराबाद नांगल गांव की रहने वाली गुड्डी से हुई थी. परिवार का आरोप है कि सुहागरात पर ही गुड्डी ने दीपक को बताया था कि वह किसी अन्य युवक से प्रेम करती है. इसके बावजूद दीपक ने रिश्ते को बचाने की कोशिश की और वैवाहिक जीवन आगे बढ़ाने का प्रयास किया.
व्हाट्सएप चैट पढ़ने के बाद बढ़ा विवाद
परिजनों का दावा है कि कुछ समय बाद दीपक ने पत्नी के मोबाइल फोन में कथित तौर पर उसके प्रेमी से हुई आपत्तिजनक चैट पढ़ ली. इसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया. मामला बढ़ने पर दोनों परिवारों के लोग भी इसमें शामिल हो गए. आरोप है कि गुड्डी अपने मायके चली गई और फिर वापस ससुराल आने से इनकार कर दिया.
समझौते के नाम पर ढाई लाख रुपये लेने का आरोप
मृतक के भाई राहुल कुमार का आरोप है कि इसके बाद गुड्डी और उसके परिवार ने दीपक के खिलाफ कई शिकायतें दर्ज कराईं. परिवार का कहना है कि 22 जून 2026 को समझौते के नाम पर उनसे ढाई लाख रुपये भी लिए गए. राहुल के मुताबिक, परिवार पर लगातार दबाव बनाया गया और उन्हें कानूनी कार्रवाई तथा जेल भेजने का डर दिखाया गया.
राहुल ने बताया कि दीपक मानसिक रूप से बुरी तरह टूट चुका था. पत्नी के अलग हो जाने, सामाजिक अपमान और लगातार बढ़ते दबाव के कारण वह गहरे तनाव में था. परिजनों का आरोप है कि इन्हीं परिस्थितियों से परेशान होकर उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.
पत्नी समेत 8 लोगों पर केस दर्ज
घटना के बाद परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने गुड्डी, उसके पिता सुंदर, मां मंजू समेत कुल आठ लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 (पूर्व में आईपीसी 306, आत्महत्या के लिए उकसाने से संबंधित प्रावधान) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट- मनुदेव
ये भी पढ़ें: