कानपुर में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने लोगों को हैरान कर दिया है. वीडियो में सड़क पर शराब के नशे में पड़े एक व्यक्ति के साथ युवक बेशर्मी की हद पार करता नजर आ रहा है. लोगों के कहने पर ठंडा पानी डालने की जगह युवक ने पहले उसके ऊपर पेशाब कर दिया और इसके बाद बोतल से उसके ऊपर ठंडा पानी डाला. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू कर दी है.
सड़क पर पड़े व्यक्ति के साथ की शर्मनाक हरकत
बताया जा रहा है कि सड़क पर एक व्यक्ति शराब के नशे में पड़ा हुआ था. इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने युवक से उसके ऊपर ठंडा पानी डालने के लिए कहा. लेकिन युवक ने ठंडा पानी डालने के बजाय पहले उसके ऊपर पेशाब कर दिया. इसके बाद उसने बोतल से उस व्यक्ति के ऊपर ठंडा पानी डाला. इस दौरान उसके साथ मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद लोग इस हरकत को लेकर हैरानी जता रहे हैं.
वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस ने लिया संज्ञान
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस भी हरकत में आई. शुरुआत में पुलिस ने वीडियो की जगह और घटना से जुड़े लोगों की पहचान की जांच शुरू की थी. एसीपी दिलीप सिंह ने बताया कि वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया था और जांच के बाद युवक की पहचान करने की कार्रवाई की जा रही थी.
एसीपी दिलीप सिंह के मुताबिक, पुलिस की जांच में सामने आया कि यह वीडियो करीब 18 से 20 दिन पुराना है. सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस के संज्ञान में आया था. चूंकि पीड़ित व्यक्ति की ओर से कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी, इसलिए पुलिस के दरोगा की तरफ से मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई.
16 सितंबर को दर्ज हुई रिपोर्ट
पुलिस ने इस मामले में 16 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज की. रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी. जांच के दौरान उस युवक की पहचान गोलू के रूप में हुई है. बताया गया है कि गोलू की अपनी एक दुकान भी है. पुलिस के मुताबिक, गोलू ने अपने साथियों के कहने पर ठंडे पानी की जगह शराब के नशे में सड़क पर पड़े व्यक्ति के ऊपर पेशाब किया था. इसके बाद उसने बोतल से उसके ऊपर ठंडा पानी डाला. घटना का वीडियो भी उसके साथियों ने ही बनाया और बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस आरोपी गोलू की तलाश में जुटी है, लेकिन अभी तक वह पुलिस की पकड़ से दूर है. बताया जा रहा है कि वह पुलिस के डर से फरार है. पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 292, 352, 355 और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत रिपोर्ट दर्ज की है. एसीपी दिलीप सिंह का कहना है कि वीडियो की जांच के बाद आरोपी की पहचान हो चुकी है और उसकी तलाश की जा रही है. पकड़ में आने के बाद उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें