उत्तर प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी और लू ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में तापमान लगातार नए रिकॉर्ड छू रहा है. दोपहर के समय घर से निकलना मुश्किल हो गया है और लोग तेज धूप व गर्म हवाओं से बचने की कोशिश कर रहे हैं. इसी बीच लोगों को राहत देने के लिए लखनऊ नगर निगम ने खास पहल शुरू की है. शहर के अलग-अलग हिस्सों में कूलिंग पॉइंट बनाए गए हैं, जहां राहगीर कुछ देर रुककर गर्मी से राहत पा सकते हैं.
शहर के कई इलाकों में बनाए गए कूलिंग पॉइंट
लखनऊ नगर निगम की ओर से शहर के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक जगहों पर इन कूलिंग पॉइंट्स को तैयार किया गया है. पॉलीटेक्निक चौराहा, कुर्सी रोड, 1090 चौराहा और लालबाग स्थित नगर निगम मुख्यालय में इसकी शुरुआत की गई है. इसके अलावा गोमतीनगर के पत्रकारपुरम चौराहा, जीएसटी भवन और जीपीओ विधानसभा मार्ग जैसे इलाकों में भी ऐसे केंद्र बनाए जा रहे हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को राहत मिल सके.
गर्मी से बचाव के लिए खास इंतजाम
इन कूलिंग पॉइंट्स पर लोगों के आराम का पूरा ध्यान रखा गया है. यहां बेड, सोफा, कुर्सियां, पंखे और कूलर जैसी सुविधाएं मौजूद हैं. साथ ही मटकों में ठंडा पानी और गुड़ की व्यवस्था भी की गई है, जिससे राहगीर लू से बच सकें और शरीर को थोड़ी राहत मिले. खासतौर पर बाहर काम करने वाले लोगों और यात्रियों के लिए यह व्यवस्था काफी मददगार साबित हो सकती है.
प्राकृतिक तरीके से तैयार किए गए कूलिंग सेंटर
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार इन कूलिंग पॉइंट्स की सबसे खास बात यह है कि इन्हें प्राकृतिक सामग्री की मदद से तैयार किया गया है. इनकी दीवारों और छत में मिट्टी और जूट जैसी चीजों का इस्तेमाल किया गया है, जिससे अंदर का माहौल सामान्य और ठंडा बना रहता है. तेज गर्मी के बीच भी यहां बैठने पर लोगों को कुछ राहत महसूस हो रही है.
अगले कुछ दिनों तक राहत के आसार नहीं
उधर मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है. विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश के मुताबिक प्रदेश में पछुआ हवाओं का असर बना हुआ है और राजस्थान की तरफ से आने वाली गर्म हवाएं तापमान को लगातार बढ़ा रही हैं. हवा की रफ्तार 20 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक दर्ज की जा रही है.
तीन दिन का रेड अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. मंगलवार को बांदा में 48.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो देश में सबसे ज्यादा रहा. अनुमान है कि आने वाले एक हफ्ते तक प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का असर बना रह सकता है.
ये भी पढ़ें