आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर परिवारों की मदद करने के लिए ओडिशा सरकार ने सोमवार को 'मो घर' (मेरा घर) योजना लॉन्च की है. इस योजना के तहत अपने घरों को बनाने या अपग्रेड करने के लिए मुश्किल झेल कर रहे लोगों को क्रेडिट-लिंक्ड फाइनेंशियल सपोर्ट दिया जाएगा.
इस योजना का उद्देश्य वित्तीय बाधाओं को दूर करना है जिन्हें घर बनाते वक्त आर्थिक दिक्कतें आती हैं. ये योजना उन परिवारों के लिए भी है जिन्हें पहले अपर्याप्त आवंटन के कारण बाहर रखा गया था. इस योजना में उन्हें भी सहायता दी जाएगी जो इसके पहले घर बनाने के लिए छोटी राशि पाए थे और अब वे अपने घरों में और विस्तार करना चाहते हैं.
क्रेडिट लिंक्ड हाउसिंग स्कीम है
आर्थिक रूप से परेशान परिवारों को बड़ी राहत देते हुए, 'मो घर' योजना क्रेडिट लिंक्ड हाउसिंग स्कीम है. इसका बजट राज्य सरकार के खाते से वहन किया जाएगा. यह स्कीम निर्माण, विस्तार, या घरों को पूरा करने के लिए दी जाएगी. इस योजना के तहत, एक लाभार्थी को 3 लाख रुपये तक का हाउसिंग लोन मिल सकता है. इसे आसान किस्तों में चुकाया भी जा सकता है.
4 अलग-अलग स्लैब में ले सकते हैं लोन
इसमें लोगों को चार स्लैब में लोन मिलता है- 1 लाख रुपये, 1.5 लाख रुपये, 2 लाख रुपये और 3 लाख रुपये. इसे आसान किस्तों में 10 साल तक चुकाया जा सकता है. लोग अपनी जरूरत के हिसाब से 1 लाख से 3 लाख तक की राशि का चयन कर सकते हैं. कच्चे घरों में या आरसीसी छत वाले एक कमरे के मकान में रहने वाले परिवार जिनकी मासिक आय 25000 रुपये से कम है, वे इस योजना के लिए पात्र हैं. ये योजना उन लोगों के लिए हैं जिन्होंने किसी सरकारी आवास सहायता का लाभ नहीं उठाया है.
60 हजार है अधिकतम सब्सिडी
इस योजना की शर्त ये है कि राज्य सरकार घर का निर्माण पूरा होने पर लाभार्थियों के लोन अकाउंट में सब्सिडी मिलेगी. इस योजना में अधिकतम सब्सिडी 60 हजार है जोकि 3 लाख लोन की कैटेगरी में शामिल है.
16 जून तक कर सकते हैं आवेदन
ओडिशा सरकार ने लोन आवेदनों के लिए प्रोसेसिंग फीस के साथ-साथ टाइटल डीड के दौरान जरूरी डॉक्यूमेंटेशन और स्टांप ड्यूटी के शुल्क को माफ करने का भी वादा किया है. इसके लिए ऑनलाइन आवेदन 16 जून, 2023 तक भरे जा सकते हैं.