'पंचायत आजतक बिहार' प्रोगाम में सूबे के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिरकत की. इस दौरान उन्होंने तमाम मुद्दों पर अपनी बात रखी. सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि जनता की आकांक्षा बहुत बड़ी होती है.पिछले 3-4 महीने में लगातार विकास के काम को आगे बढ़ाया गया है. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने शिक्षा पर बहुत काम किया. अब उसको आगे बढ़ाया जा रहा है.
भरत तिवारी एनकाउंटर में सरकार ने गलती मानी- सीएम सम्राट
भरत तिवारी के एनकाउंटर पर सम्राट चौधरी ने कहा कि मेरा स्पष्ट मानना है कि अपराधी किसी भी जाति का हो, धर्म का हो, वो पुलिस को चैलेंज नहीं कर सकता. लेकिन पुलिस कोई गलती करती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होगी. इसलिए मैंने न्यायिक आयोग बनाया, जो प्रथम दृश्यता रिपोर्ट आया, उसपर सरकार ने कार्रवाई भी की. उन्होंने कहा कि भरत तिवारी की फैमिली के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी. आर्थिक सहयोग किया जाए. इसका मतलब है कि सरकार ने अपनी गलती मानी.
150 दिनों में 700 मॉडल स्कूल बनाया- सीएम सम्राट
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में हमारा लक्ष्य 2030 तक ऐसी व्यवस्था को खड़ा करना है कि बिहार का कोई भी नौजवान बिहार के बाहर जाकर पढ़ाई न करे. यहां पढ़े, यहां रोजगार मिले और यही पर जीवन को उन्नति का रास्ता निकाले. सीएम सम्राट ने कहा कि पिछले लगभग 150 दिनों में मैंने 700 मॉडल स्कूल बनाए हैं. उस मॉडल स्कूल में जो संरचना खड़ा किया, वो सबसे महत्वपूर्ण है. आज उसमें साढ़े 3 लाख बच्चे पढ़ रहे हैं. उनका सपना होता था कि हम सैनिक स्कूल में पढ़े, देवघर में पढ़े. उन्होंने कहा कि हमने उस व्यवस्था को मॉडल स्कूल में शिफ्ट किया. उन्होंने कहा कि जो बच्चे नीट की तैयारी करने बाहर जाते थे, उनके लिए पूरी व्यवस्था वहां कराया.
बिहार में तेजी से विकास हो रहा है- सम्राट चौधरी
सीएम सम्राट ने कहा कि नीतीश कुमार ने विकास भी किया है. अब हमें तेज गति से आगे बढ़ना है. इसके लिए इंडस्ट्रीज, एजुकेशन को लेकर काम करना है. उन्होंने कहा कि जब मैं पहली बार विधायक बना तो 87 फीसदी रेवेन्यू झारखंड से आता था, 13 फीसदी रेवेन्यू यहां से आता था. मैं जब वित्तमंत्री के तौर पर बजट पेश किया तो जिस झारखंड का रेवेन्यू 87 फीसदी था, उसका बजट 1 साख 39 हजार करोड़ का था और बिहार का बजट 3 लाख 17 हजार करोड़ का था.
मैंने एक सहयोग कार्यक्रम चलाया- सीएम सम्राट
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि मैंने सहयोग नाम का एक कार्यक्रम चलाया. इसके तहत अभी तक साढ़े 8 लाख आवेदन आए हैं. इसमें से 96 फीसदी आवेदन का निष्पादन हमने किया है. उस आवेदन में क्या कार्रवाई है? जैसे आपने कोई आवेदन दिया कि हमारे घर में बिजली कनेक्शन नहीं है, पानी कनेक्शन नहीं, जमीन का विवाद है. 10 दिन तक अफसर ने कार्रवाई नहीं की तो मेरे मुख्यमंत्री कार्यालय से उस अधिकारी को एक नोटिस जारी होता है कि इसका आदेश पारित कीजिए. 20 दिन तक आवेदन पर कार्रवाई नहीं किया तो दूसरा नोटिस जाता है. 25 दिन के बाद तीसरा नोटिस जाता है. अभी तक कोई भी कार्रवाई 30 दिन से ज्यादा पार नहीं किया है.
ये भी पढ़ें: