बिहार के समस्तीपुर में बाढ़ का पानी भले ही कम होने लगा है, लेकिन बाढ़ से प्रभावित लोगों की मुश्किलें अभी खत्म नहीं हुई हैं. कई इलाकों में लोग अब भी खाने-पीने की चीजों के लिए राहत सामग्री पर निर्भर हैं. इसी दर्द को दिखाता एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में राहत सामग्री लेने के लिए सैकड़ों लोग पानी में उतरते दिखाई दे रहे हैं. हालात इतने बिगड़ गए कि राहत बांटने पहुंचे लोगों को अपनी जान बचाने के लिए सामग्री पानी में फेंकनी पड़ी.
राहत सामग्री की खबर मिलते ही जुट गई भीड़
मामला समस्तीपुर जिले के मोहनपुर प्रखंड के हरदासपुर गांव का बताया जा रहा है. गंगा नदी में बाढ़ का पानी आने से यहां लोगों की परेशानी काफी बढ़ गई थी. पानी कम होने के बाद प्रभावित लोगों के बीच राहत सामग्री बांटने का काम शुरू किया गया. बताया जा रहा है कि कुछ लोग नाव से राहत सामग्री लेकर गांव के पास पहुंचे थे. जैसे ही लोगों को इसकी जानकारी मिली, बड़ी संख्या में बाढ़ पीड़ित नाव के पास पहुंच गए. हर कोई जल्द से जल्द राहत सामग्री लेने की कोशिश करने लगा.
नाव पर चढ़ने लगे लोग, बिगड़े हालात
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि राहत सामग्री लेने के लिए कई लोग पानी में उतर गए. कुछ लोग नाव पर चढ़ने की कोशिश करते भी नजर आए. भीड़ बढ़ने के बाद राहत बांट रहे लोगों को अपनी सुरक्षा की चिंता सताने लगी. हालात बिगड़ते देख उन्होंने राहत के पैकेट नाव से पानी की ओर फेंकने शुरू कर दिए. इसके बाद पानी में मौजूद लोग पैकेट लेने के लिए एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश करने लगे. कुछ ही देर में मौके पर अफरा-तफरी जैसा माहौल बन गया.
वीडियो ने खड़े किए कई सवाल
राहत सामग्री के लिए लोगों की यह भीड़ बाढ़ पीड़ितों की परेशानी को साफ दिखाती है. वीडियो सामने आने के बाद राहत वितरण की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. सवाल यह है कि क्या जरूरत के मुकाबले राहत सामग्री कम पड़ रही है या फिर उसे लोगों तक पहुंचाने की व्यवस्था सही तरीके से नहीं हो पा रही है. फिलहाल वायरल वीडियो ने समस्तीपुर में बाढ़ प्रभावित लोगों की स्थिति और राहत वितरण के तरीके पर चर्चा जरूर शुरू कर दी है. राहत सामग्री जरूरतमंदों तक सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से पहुंचाना बड़ी चुनौती बनी हुई है.
ये भी पढ़ें: