Advertisement

सावधान! पुलिस भर्ती परीक्षा में नकल की एक भूल और सीधा जेल, हापुड़ में अंडरगारमेंट में मोबाइल छिपाने वाले का करियर खत्म

ये मामला हापुड़ जिले के सर्वोदय इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र का है, जहां यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा की प्रथम पाली के दौरान अमरोहा निवासी अभ्यर्थी सचिन को प्रतिबंधित मोबाइल फोन के साथ पकड़ा गया. इस घटना के बाद डीएम कविता मीणा और एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह मौके पर पहुंचकर घटना पर एक्शन लिया.

up police exam cheating
gnttv.com
  • हापुड़ ,
  • 09 जून 2026,
  • अपडेटेड 12:47 PM IST

हापुड़ जिले में चल रही पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान नकल का एक मामला सामने आने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया. पिलखुवा के सर्वोदय इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर एक अभ्यर्थी को प्रतिबंधित मोबाइल फोन के साथ पकड़ा गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम और एसपी खुद मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी.

लघुशंका के बहाने पहुंचा था टॉयलेट
पुलिस भर्ती परीक्षा की प्रथम पाली के दौरान अभ्यर्थी सचिन लघुशंका जाने की बात कहकर परीक्षा कक्ष से बाहर निकला था. जानकारी के मुताबिक काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों को शक हुआ. जब टॉयलेट की जांच की गई तो वहां सचिन के पास से मोबाइल फोन बरामद हुआ. परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल पूरी तरह प्रतिबंधित था, इसलिए मामला तुरंत अधिकारियों तक पहुंचाया गया.

अंडरगारमेंट में छिपाकर लाया था मोबाइल
प्राथमिक पूछताछ में अभ्यर्थी सचिन ने बताया कि वह सुबह परीक्षा केंद्र में प्रवेश करते समय मोबाइल फोन को अपने अधोवस्त्रों में छिपाकर अंदर ले आया था. परीक्षा शुरू होने से पहले उसने मोबाइल को पुरुष शौचालय में छिपा दिया था. बताया जा रहा है कि परीक्षा के दौरान वह उसी मोबाइल की मदद से अनुचित तरीके से जानकारी हासिल करने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान उसकी हरकत पकड़ में आ गई.

डीएम और एसपी ने पहुंचकर की जांच
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी कविता मीणा और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह परीक्षा केंद्र पहुंच गए. दोनों अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और संबंधित कर्मचारियों से पूछताछ की. प्रशासन ने परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराई.

छह पुलिसकर्मी निलंबित
जांच में यह भी सामने आया कि परीक्षा केंद्र पर चेकिंग और फ्रिस्किंग की जिम्मेदारी निभाने वाले कुछ पुलिसकर्मियों ने लापरवाही बरती थी. इसी वजह से अभ्यर्थी मोबाइल लेकर परीक्षा केंद्र के अंदर पहुंच गया. इस मामले में एसपी ने कड़ा कदम उठाते हुए दो उपनिरीक्षकों समेत कुल छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. सभी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है.

अभ्यर्थी के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
पिलखुवा कोतवाली में अमरोहा निवासी अभ्यर्थी सचिन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस केंद्र प्रभारी संजय सिंह की तहरीर पर उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 2024 की धारा 3/4 के तहत केस दर्ज किया गया. पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक परीक्षाओं में किसी भी प्रकार की नकल या अनुचित साधनों के इस्तेमाल को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा और चेकिंग व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं. हालांकि प्रशासन का कहना है कि मामले का समय रहते खुलासा हो गया और दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की गई है. अब अन्य परीक्षा केंद्रों पर भी निगरानी और सख्त कर दी गई है.
(रिपोर्ट- देवेन्द्र कुमार शर्मा)

ये भी पढ़ें

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement