छत्तीसगढ़ के कोरबा के नामचीन रेस्टोरेंट न्यू दिल्ली स्वीट्स के निहारिका ब्रांच मे स्वच्छता मानकों की अनदेखी और लापरवाही बताते हुए एक गंभीर वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. जिसमें रेस्टोरेंट के बर्तनों को टायलेट में धोते हुए देखा जा रहा है.
किसी ग्राहक द्वारा बनाए गए इस वीडियो के सामने आने के बाद रेस्टोरेंट की साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था, एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं. वायरल वीडियो से रेस्टोरेंट के नियमित ग्राहकों में भी खासा आक्रोश देखा जा रहा है.
न्यू दिल्ली स्वीट्स निहारिका में पहुंचे एक ग्राहक ने बर्तनों को टायलेट में धोए जाने का वीडियो बनाया. वीडियो में होटल के बर्तनों की सफाई टायलेट में होती दिखाई दे रही है. ग्राहक ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया.
ग्राहक द्वारा जब रेस्टोरेंट के कर्मचारियों से इस संबंध में सवाल किया गया तो उनका कहना था कि एमरजेंसी की स्थिति में यहां बर्तन धुलवाए जा रहे हैं. हालांकि, होटल में खाद्य सामग्री तैयार करने और बर्तनों की सफाई के दौरान स्वच्छता के मानकों का पालन कितना किया जा रहा है, इसे लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं.
रेस्टोरेंट नई दिल्ली स्वीट्स की शहर में 3 ब्रांच है. मुख्य ब्रांच टीपी नगर में तो उसके मिनी ब्रांच निहारिका व पावर हाउस रोड में संचालित है. नई दिल्ली स्वीट्स ने प्रीमियम मिठाइयों की वैरायटी स्वाद व गुणवत्ता के बलबूते शहर समेत मिठाइयों के शौकीन पूरे जिलेवासियों का भरोसा व विश्वास जीता है.
चाहे पर्व हो या सामान्य दिन , लोगों को जब भी मिठाई की जरूरत पड़ती है नई दिल्ली स्वीट्स की शाखाओं का ही रुख करते हैं. निहारिका ब्रांच की इस घटनाक्रम ने नई दिल्ली स्वीट्स की शाखाओं में खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.
वीडियो वायरल होने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी संघर्ष मिश्रा और विकास भगत सोमवार को रेस्टोरेंट का निरीक्षण करने पहुंचे. रेस्टोरेंट के मैनेजर को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मौके पर निर्देश दिया गया साथी प्रबंधन को नोटिस जारी कर वायरल वीडियो के संबंध में जवाब मांगा गया है. खाद्य सुरक्षा अधिकारी संघर्ष मिश्रा ने बताया कि रेस्टोरेंट में आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था बनाने के लिए समय निर्धारित किया जाएगा और रेस्टोरेंट का संचालन बंद कराया जाएगा.