Today Weather Update: होली से पहले बदलेगा मौसम का मिजाज, कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

weather today: कुछ राज्यों में बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कई जगहों पर तापमान में बढ़ोतरी से गर्मी परेशान कर सकती है. पश्चिमी विक्षोभ के असर से पहाड़ी इलाकों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. आइए जानते हैं आज देश के अलग-अलग राज्यों का मौसम कैसा रहेगा.

Weather Update
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 02 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 6:47 AM IST

होली के उत्साह के बीच मौसम का मिजाज कई राज्यों में रंग में भंग डाल सकता है. भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आज से उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम बदलने की संभावना है. कुछ राज्यों में बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कई जगहों पर तापमान में बढ़ोतरी से गर्मी परेशान कर सकती है. पश्चिमी विक्षोभ के असर से पहाड़ी इलाकों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. आइए जानते हैं आज देश के अलग-अलग राज्यों का मौसम कैसा रहेगा.

उत्तर भारत में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
IMD के मुताबिक आज हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इससे तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट संभव है. वहीं, आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक बढ़ोतरी के संकेत भी दिए गए हैं.

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में आज मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन गर्मी धीरे-धीरे बढ़ने लगी है. अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. दिन के समय तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे धूल भरा वातावरण भी बन सकता है. फिलहाल राजधानी में बारिश की कोई चेतावनी नहीं है.

उत्तर प्रदेश में बदल सकता है मौसम
उत्तर प्रदेश में आज कई जिलों में मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है. कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, मेरठ, बहराइच, बलिया, मिर्जापुर और सीतापुर समेत कई जिलों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे गर्मी का असर महसूस होगा.

बिहार में साफ रहेगा मौसम, बढ़ेगी गर्मी
बिहार में आज मौसम साफ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है. हालांकि, तापमान में बढ़ोतरी से गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है. पटना, भागलपुर, बेगूसराय, कटिहार और खगड़िया जैसे जिलों में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.

उत्तराखंड और हिमाचल में पहाड़ों पर बदलाव के संकेत
उत्तराखंड में आज मौसम शुष्क रहेगा और सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस हो सकती है. देहरादून में अधिकतम तापमान करीब 24 और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. वहीं, हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम बदलने की संभावना है. मनाली और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है, जबकि ऊना, बिलासपुर और कांगड़ा में तापमान बढ़ सकता है.

जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी की संभावना
जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में आज से हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है. श्रीनगर में अधिकतम तापमान लगभग 15 डिग्री और न्यूनतम 2 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

राजस्थान और मध्य प्रदेश में बढ़ेगी गर्मी
राजस्थान में आज मौसम साफ रहेगा, लेकिन 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. जयपुर, जोधपुर और अजमेर में तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. मध्य प्रदेश में भी आज बारिश की कोई संभावना नहीं है. ग्वालियर, विदिशा, मुरैना और धार जैसे जिलों में तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है.

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!

RECOMMENDED