UAE flights cancelled
UAE flights cancelled
अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए संयुक्त हमलों के बाद मिडिल ईस्ट में बढ़े तनाव का असर अब भारत के हवाई यातायात पर भी साफ दिखाई देने लगा है. सुरक्षा कारणों और कई देशों के एयरस्पेस बंद होने के चलते अमृतसर के श्री गुरु रामदास इंटरनेशनल एयरपोर्ट से खाड़ी देशों के लिए उड़ान सेवाएं प्रभावित हो गई हैं. अचानक उड़ानें रद्द होने से सैकड़ों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
10 के करीब अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द
रविवार को अमृतसर से दुबई, शारजाह, दोहा, मस्कट और अन्य मिडिल ईस्ट गंतव्यों के लिए जाने वाली करीब 10 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को रद्द कर दिया गया. एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, क्षेत्र में बढ़ते सुरक्षा जोखिम और एयरस्पेस प्रतिबंध के कारण यह निर्णय लिया गया है. एयरपोर्ट निदेशक भूपेंद्र सिंह ने भी मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि हालात सामान्य होने तक उड़ान संचालन प्रभावित रह सकता है.
एयरपोर्ट पर फंसे सैकड़ों यात्री
उड़ानें रद्द होने की जानकारी अचानक मिलने से एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला. दुबई, शारजाह और अन्य खाड़ी देशों में काम करने वाले बड़ी संख्या में यात्री एयरपोर्ट पर ही फंस गए. सबसे बड़ी समस्या यह है कि यात्रियों को अगली उड़ान के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है.
यात्रियों ने बयां की परेशानी
दोहा (कतर) में काम करने वाले यात्री अरविंदर सिंह ने बताया कि वह एक महीने पहले छुट्टी पर अमृतसर आए थे और रविवार को वापस जाना था. लेकिन एयरलाइन ने एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद उनकी फ्लाइट रद्द होने की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि अब कंपनी को भी सूचना दे दी है, लेकिन अगली फ्लाइट कब मिलेगी, इसका कोई पता नहीं है. इससे नौकरी को लेकर भी चिंता बढ़ गई है.
वहीं गुरदासपुर के कलानौर गांव के रहने वाले जगदीप सिंह, जो पिछले 10 साल से मस्कट में काम कर रहे हैं, ने बताया कि वह डेढ़ महीने पहले गांव आए थे और अब वापस लौटना था. उनकी योजना पहले अमृतसर से दिल्ली और फिर मस्कट जाने की थी, लेकिन अंतरराष्ट्रीय उड़ानें बंद होने से उनकी यात्रा रुक गई है.
ये भी पढ़ें: