15 June 2026 Weather Update: अगले 24 घंटे इन राज्यों पर भारी, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की आशंका

मौसम विभाग के अनुसार मध्य उत्तर प्रदेश के ऊपर कम वायुदाब का एक लंबा क्षेत्र बना हुआ है. वहीं पश्चिमी राजस्थान से लेकर गंगा के मैदानी इलाकों और पश्चिम बंगाल तक चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय हो रहा है. इसी सिस्टम के असर से कई राज्यों में तेज बारिश, आंधी और गरज-चमक की स्थिति बन रही है.

15 June 2026 Weather Update
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 15 जून 2026,
  • अपडेटेड 7:16 AM IST

देश के कई राज्यों में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है. मौसम विभाग ने 15 जून को उत्तर भारत, पूर्वी भारत और मध्य भारत के कई हिस्सों में तेज बारिश, आंधी और तूफान को लेकर चेतावनी जारी की है. विभाग के मुताबिक कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक चलने की संभावना है. वहीं कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है. विभाग का कहना है कि तेज हवाओं के कारण कमजोर पेड़ और ढांचे प्रभावित हो सकते हैं. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है. 

17 राज्यों में बारिश और तूफान का अलर्ट
15 जून को उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और असम में बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है. पूर्वी भारत के कई इलाकों में वज्रपात और आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है. किसानों और मछुआरों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है.

दिल्ली में तेज बारिश के आसार
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 15 जून को बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. दिल्ली का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

यूपी और बिहार के कई जिले रहेंगे प्रभावित
उत्तर प्रदेश के मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, मुजफ्फरनगर, मथुरा, आगरा, एटा, मैनपुरी, कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज और महाराजगंज समेत कई जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी की संभावना है. लखनऊ का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.

वहीं बिहार के पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, पटना, गया, बक्सर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर और मुंगेर सहित कई जिलों में 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. पटना का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी अलर्ट
झारखंड के रांची, सिमडेगा, बोकारो, देवघर, धनबाद, हजारीबाग और जमशेदपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश और 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने का अनुमान है.

पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा, जलपाईगुड़ी, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार, मालदा, मुर्शिदाबाद और बीरभूम में भी तेज बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है. खास कर मछुआरों को अलर्ट रहने की जरूरत है.

पहाड़ी राज्यों में भी मौसम का असर
उत्तराखंड के नैनीताल, पिथौरागढ़, चमोली, हरिद्वार, बागेश्वर, अल्मोड़ा और रुद्रप्रयाग में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है. देहरादून का तापमान 32 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर, कुल्लू, कांगड़ा, ऊना, सोलन और शिमला में भी बारिश और आंधी की संभावना है. वहीं जम्मू-कश्मीर के जम्मू, पुंछ, कुपवाड़ा, अनंतनाग, रियासी और गांदरबल में भी मौसम खराब रह सकता है.

राजस्थान, मध्य प्रदेश और असम में भी सतर्कता जरूरी
राजस्थान के श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, अलवर, भरतपुर, करौली, चुरू, सीकर, जोधपुर और अजमेर में मध्यम से भारी बारिश के साथ तेज आंधी का येलो अलर्ट जारी किया गया है.

मध्य प्रदेश के भोपाल, राजगढ़, देवास, विदिशा, बालाघाट, सिवनी, खरगोन और शिवपुरी समेत कई जिलों में बारिश और आंधी की चेतावनी है.

वहीं असम के डिब्रूगढ़, गुवाहाटी, जोरहाट, कोकराझार, बारपेटा और माजुली में भी भारी बारिश और 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं.

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, बड़े पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें. तेज आंधी और बारिश के दौरान यात्रा करने वालों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है. खासकर किसानों, मछुआरों और पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों को मौसम की ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है.

ये भी पढ़ें


 

Read more!

RECOMMENDED