राजस्थान के अलवर में लुटेरी दुल्हन का मामला सामने आया है. शादी के एक महीने बाद लड़की ने खिचड़ी में अपनी सास को विषाक्त पदार्थ मिला कर दिया. जिससे उसकी तबीयत खराब हो गई. पति और अन्य लोग जब उसको अस्पताल लेकर गए, तो पीछे से लुटेरी दुल्हन घर में रखे शादी के लाखों के जेवरात व 30 हजार रुपए व अन्य सामान लेकर फरार हो गई.
लुटेरी दुल्हन का कारनामा-
पीड़ित युवक को बाद में पता चला कि लड़की पहले से शादीशुदा है. उसके पहले पति से दो बच्चे हैं. उनका तलाक भी नहीं हुआ है. इसके अलावा भी कई अन्य युवकों के खिलाफ भी उसने झूठे मामले दर्ज करवाए हैं. वो अपनी मौसी के साथ मिलकर युवाओं को अपने जाल में फंसाती है और झूठी शादी करके जेवरात व पैसे लेकर फरार हो जाती है.
पहले पति से तलाश का दिलाया था भरोसा-
पीड़ित विक्रमजीत ने बताया कि उसके घर से करीब 1 किलोमीटर दूर रहने वाली बबली कौर के जरिए उसकी मुलाकात पिंकी कौर से हुई. पिंकी ने विक्रमजीत को बताया कि वो शादियां करवाती है और अपनी भांजी रेखा कौर से वो विक्रमजीत का विवाह करवा सकती है. जब विक्रमजीत ने रेखा कौर के पहले से शादीशुदा होने की बात कही तो पिंकी ने उसे विश्वास दिलाया कि रेखा का तलाक हो चुका है और जल्द ही कोर्ट से भी कागजी कार्रवाई पूरी हो जाएगी.
दोनों ने गुरुद्वारे में की शादी-
विश्वास में आकर 9 मई 2025 को विक्रमजीत को कोर्ट बुलाकर रेखा के साथ लिव-इन रिलेशनशिप का एग्रीमेंट तैयार कराया गया. इसके बाद 26 मई 2025 को 60 फीट रोड स्थित गुरुद्वारे में दोनों की शादी कर ली. इस दौरान शादी में करीब 5 लाख रुपए से ज्यादा का खर्चा विक्रमजीत ने किया.
दुल्हन ने सास को दिया जहर-
शादी के कुछ दिनों बाद ही रेखा का व्यवहार बदल गया और वो छोटी-छोटी बातों पर विक्रम जीत से झगड़ा करने लगी. 23 जून 2025 को रेखा ने विक्रमजीत की बीमार मां को खिचड़ी में फिनाइल मिलाकर खिला दी थी, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा.
गहने और कैश लेकर फरार-
उसी दिन रेखा मौका पाकर घर की अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात व करीब 30 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गई. जेवरात में एक सोने का नेकलैस, एक सोने का मंगलसूत्र, दो सोने की अंगूठी, एक चांदी का मंगलसूत्र, चांदी के कड़े पायजेब चुटकी व अन्य जेवरात गायब थे.
झूठे मामले में फंसाने की दी धमकी-
जांच करने पर विक्रमजीत को पता चला कि रेखा का अपने पहले पति गुरदीप से तलाक नहीं हुआ था और यह पूरा एक सुनियोजित षड्यंत्र था. पीड़ित ने बताया कि फोन पर घटना की जानकारी देने पर पिंकी कौर (ब्रोकर और रेखा की मौसी) ने कहा कि ये हमारा धंधा है, तुम हमारा कुछ नहीं कर सकते. अब हम रेखा की शादी किसी और लड़के से करेंगे. पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार पिंकी कौर ने विक्रजीत को धमकी दी कि अगर तुमने रेखा से संपर्क करने की कोशिश की तो तुम्हें झूठे मुकदमें में फंसा दूंगी. मामले में पीड़ित विक्रमजीत ने 14 जुलाई 2025 को अरावली विहार पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई. जिस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई.
शिकायत दर्ज होने के बाद मांगे 3 लाख रुपए-
पीड़ित ने बताया कि जैसे ही आरोपी महिला को पता चला कि उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई है. तो जनवरी 2026 में फिर से फोन कर आरोपियों ने 3 लाख रुपए की मांग की और पैसे नहीं देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वे पहले भी कई लोगों को इसी तरह फंसा चुके हैं.
कोर्ट पहुंचा विक्रमजीत-
विक्रमजीत ने बताया कि उसने पहले थाना अरावली विहार में शिकायत दी और बाद में पुलिस अधीक्षक को भी प्रार्थना पत्र भेजा, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. इसके बाद मजबूर होकर उसने कोर्ट में परिवाद पेश किया है.
2015 में रेखा ने की ती पहली शादी-
30 साल की रेखा की मां का नाम बबली है. रेखा के पहले पति का नाम गुरदीप है. रेखा ने पहले पति से 2015 में शादी की थी. उससे उसके 2 बच्चे हैं. उसके बाद महिला ने विक्रमजीत को फंसाकर उससे 26 मई 2025 को गुरुद्वारे में शादी कर ली थी. उससे पहले 9 मई 2025 को विक्रमजीत को कोर्ट बुलाकर रेखा के साथ लिव-इन रिलेशनशिप का एग्रीमेंट तैयार कराया गया.
गिरोह चलाती है लुटेरी दुल्हन-
पीड़ित ने बताया कि रेखा कौर के साथ उसकी मौसी पिंकी कौर, जो सिरसा हरियाणा की रहने वाली है और लोगों को झूठी शादी में फंसाकर ठगी का काम करती है. रेखा अलवर में दिल्ली रोड मुंगस्का की रहने वाली है. जबकि विक्रमजीत सिंह जनता कॉलोनी मौजपुर हाउस के पास रहता है. विक्रमजीत की शादी परिवार की सहमति पर ही हुई थी, रेखा ने विश्वास में लेने के लिए पहले युवक के साथ लिव-इन में रहने का सर्टिफिकेट बनवाया था.
जांच के बाद कार्रवाई होगी- पुलिस
रेखा का पहले का ससुराल हरियाणा के फरीदाबाद में है. पीड़ित के अनुसार , रेखा कैथल हरियाणा के राहुल बावनिया, अमन खैरा हरियाणा के साथ भी इसी प्रकार की धोखाधड़ी कर अपना शिकार बना चुकी है. विक्रमजीत सिंह की मीट की शॉप है और मछली बेचने का काम करता है. इस मामले में अरावली विहार थाने कीएएसआई राजबाला यादव ने कहा कि पीड़ित द्वारा कोर्ट इस्तगासे से मुकदमा दर्ज कराया गया है. जिस पर जांच करने के बाद कार्रवाई की जाएगी.
(हिमांशु शर्मा की रिपोर्ट)